1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा के महेंद्रगढ़ में भीषण रोड एक्सीडेंट, स्कूल बस पलटने से 6 बच्चों की मौत, 15 गंभीर रुप से घायल

हरियाणा के महेंद्रगढ़ में भीषण रोड एक्सीडेंट, स्कूल बस पलटने से 6 बच्चों की मौत, 15 गंभीर रुप से घायल

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Apr 11, 2024 10:17 am IST,  Updated : Apr 11, 2024 01:35 pm IST

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूली बस पलटने से 6 बच्चों की मौत हो गई। जबकि कई बच्चे घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हादसे की शिकार हुई बस- India TV Hindi
हादसे की शिकार हुई बस Image Source : INDIA TV

महेंद्रगढ़ः हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसे में 6 बच्चों की मौत हो गई है। जबकि कई बच्चे घायल हैं। आज सुबह एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा कनीना कस्बे के पास कनीना दादरी सड़क मार्ग पर हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रोड एक्सीडेंट में पांच बच्चों की मौत हो गई है जबकि 25-30 बच्चे घायल हुए हैं। इनमे ंसे 15 बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं। बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। 

 कई घरों में पसरा मातम

हादसे में घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे में मारे गए बच्चों के परिजनों के घरों में मातम पसर गया है। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। हादसे में कई बच्चों को गंभीर चोटें भी आई हैं। हादसे के बाद चीफ-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर रुप से घायल बच्चे रोहतक पीजीआई रेफर

मिली जानकारी के अनुसार, बस जीएल पब्लिक स्कूल कनीना की थी। उन्हाणी गांव के पास छोटे बच्चों को ले जा रही बस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 6 छात्रों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल बच्चों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। बता दें कि ईद पर सरकारी अवकाश होने के बाद भी प्रदेश भर के कई निजी स्कूल खुले हैं। बस जीएल पब्लिक स्कूल में भी आज छुट्टी नहीं थी।  

सीएम ने जताया शोक

वहीं, सीएम नायब सिंह सैनी ने बच्चों की मौत पर दुख जताया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी शोक जताया है। उन्होंने बस हादसे की ज्यूडिशियल जांच की मांग है। 

 

बस ड्राइवर हिरासत में

बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर शराब के नशे में बस चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल भेजा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अभी इस संबंध में स्कूल प्रशासन की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।

रिपोर्ट- सुनील कुमार

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।