1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दुर्ग बस हादसे में मृतकों की संख्या पहुंची 12, घायलों को देखने पहुंचे सीएम साय

दुर्ग बस हादसे में मृतकों की संख्या पहुंची 12, घायलों को देखने पहुंचे सीएम साय

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Apr 10, 2024 04:13 pm IST,  Updated : Apr 10, 2024 04:13 pm IST

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुए बस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। सीएम विष्णु देव साय ने घायलों से मिलने के लिए आज रायपुर एम्स का दौरा किया है। बस हादसे में मरने वालों के परिजनों को 10 लाख की सहायता दी गई है।

bus accident- India TV Hindi
आज खदान के गड्ढे से निकालाी गई बस Image Source : ANI

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को हुए बस हादसे में तीन महिलाओं समेत 12 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का दौरा किया। क्षतिग्रस्त बस को आज दोपहर खदान के गड्ढे से निकाला गया।

मृतकों के परिजनों को 10 लाख की सहायता

बता दें कि यह दुर्घटना मंगलवार रात करीब 8.30 बजे कुम्हारी थाना क्षेत्र में खपरी गांव के पास उस समय हुई जब एक डिस्टलरी कंपनी के कर्मचारी काम के बाद बस से घर लौट रहे थे। सीएम साय ने आज एम्स में घायलों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि कंपनी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, "मैंने एम्स में भर्ती 10 घायलों से मुलाकात की। इस दुर्घटना में जिनकी मृत्यु हुई है, भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। घायलों को यथासंभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।"

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे घटनास्थल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "मेरी जानकारी के अनुसार, कंपनी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने का फैसला किया है। कंपनी के साथ-साथ सरकार भी घायलों के इलाज का ख्याल रख रही है।" इसके बाद साय चुनाव प्रचार के लिए पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के मंडला के लिए रवाना हो गए। इस बीच, राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज सुबह दुर्घटना स्थल का दौरा किया और दुर्घटना का जायजा लिया। 

12 लोगों की मौत, 14 घायल

गौरतलब है कि खपरी गांव के पास कल 30 से अधिक लोगों से भरी बस सड़क से फिसलकर 40 फीट गहरे मुरुम खदान के गड्ढे में गिर गई थी। दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के करीब मुरम (लाल मिट्टी) की एक खदान में बस के गिरने से वाहन में सवार 12 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हो गए। इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने हादसे में 15 लोगों की मृत्यु की सूचना दी थी। हालांकि बाद में उन्होंने बताया कि मृतकों की सूची में कुछ नामों को एक से अधिक बार शामिल कर लिया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।