फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में बड़ा हादसा हो गया है। यहां सूरजकुंड मेले में दो हादसे हुए हैं। यहां मेले के दौरान एक झूला अचानक टूटकर गिर गया। इस दौरान झूले की चपेट में आने से 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। झूला टूटने की वजह से मेले में अफरा-तफरी मच गई। वहीं लोगों को बचाने की कोशिश में इंस्पेक्टर रैंक के एक अधिकारी की भी मौत हो गई। मेले में ही हुई एक अन्य घटना में स्वागत द्वार गिरने की वजह से भी दो लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूरजकुंड मेले में झूला टूटकर गिरा
यहां सूरजकुंड मेले में हुए पहले हादसे में एक झूला टूटकर गिर गया। बताया जा रहा है कि सुनामी नाम का झुला गिरा है। वहीं झूला गिरने से 13 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान लोगों को बचाते वक्त एक इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। फिलहाल मेले में घायल सभी लोगों को नजदीक के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना स्थल को बैरिकेट कर दिया है। वहीं घटना के बाद मौके पर जिला उपायुक्त, पुलिस कमिश्नर समेत आलाधिकारी भी मौजूद हैं।
मेले का स्वागत द्वार भी गिरा
इसके अलावा एक अन्य हादसे में गेट नम्बर 2 के पास का स्वागत द्वार गिरने से 2 लोग घायल हो गए हैं। डीसीपी मकसूद अहमद ने बताया, “मेले में झूला गिरने से हादसा हो गया। हम स्थिति का जायजा ले रहे हैं। कुछ लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। मामले की गहन जांच की जाएगी और झूला संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घायलों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।”
CM सैनी ने जताया दुख
CM नायब सिंह सैनी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित एवं तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।"
यह भी पढ़ें-
डिप्रेशन में महिला ने मौत को लगाया गले, पति की लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली