गुरुग्राम: हरियाणा में गुरुग्राम में सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित झुग्गी बस्ती में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते उसने सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक झुग्गी से हुई, जिसे तेज हवा के कारण मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान कई झुग्गियों में रखे छोटे गैस सिलेंडरों में धमाके हुए, जिसने आग को और भड़का दिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Related Stories
बदहवास होकर भागते दिखे लोग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 9 गाड़ियां और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। संकरा रास्ता होने की वजह से फायर टेंडर्स को आग के स्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। पुलिस और प्रशासन की टीम भी राहत कार्य में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों और अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की शुरुआत के साथ ही अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपने घर और सामान बचाने की कोशिश में लगे हुए थे।
गुरुग्राम में आज कई जगह लगी आग
राहत की बात यह है कि घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दमकल और प्रशासन की टीमें झुग्गियों में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रभावित इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और राहत कार्य तेज गति से जारी है। बता दें कि आज ही गुरुग्राम की एक फैक्ट्री और अनंतराज एस्टेट के 2 लग्जरी फ्लैटों में भी भीषण आग लगी थी। आग लगने के बाद अनंतराज एस्टेट के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था।