1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बाढ़ से तबाह पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा से मानसून का लौटना शुरू, जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

बाढ़ से तबाह पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा से मानसून का लौटना शुरू, जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 16, 2025 10:25 pm IST,  Updated : Sep 16, 2025 10:35 pm IST

मानसून के लौटने के साथ ही मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 25 सालों में इस बार पंजाब में सबसे अधिक बारिश हुई है।

भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात- India TV Hindi
भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात Image Source : PTI

दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को बाढ़ प्रभावित पंजाब और पड़ोसी राज्य हरियाणा के कुछ हिस्सों से वापस लौटने लगा। मौसम विभाग के अनुसार, ‘मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से वापस लौट गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा अब बठिंडा, फतेहाबाद, पिलानी, अजमेर से होकर गुजर रही है।’ 

इन तीन दिन होगी बारिश

मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान पंजाब और हरियाणा के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। दोनों राज्यों के लिए मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17, 18 और 19 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 

पिछले 25 सालों में पंजाब में सबसे अधिक बारिश

गौरतलब है कि बाढ़ से तबाह पंजाब में अगस्त में 253.7 मिमी बारिश हुई थी, जो न केवल सामान्य से 74 प्रतिशत अधिक थी, बल्कि पिछले 25 सालों में राज्य में इस महीने में हुई सबसे अधिक बारिश थी। पड़ोसी राज्य हरियाणा में अगस्त में 194.5 मिमी बारिश हुई, जबकि इस महीने में यहां औसत बारिश 147.7 मिमी होती है, यानी 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। 

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में पिछले 25 सालों में केवल पांच बार अगस्त में सामान्य से अधिक बारिश हुई थी, जिसमें पिछला महीना भी शामिल है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।