1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. न्‍यूज
  4. Jind Bypoll Result: जींद उपचुनाव में बीजेपी 12 हजार से ज्यादा वोटों से जीती, कांग्रेस के सुरजेवाला हारे

Jind Bypoll Result: जींद उपचुनाव में बीजेपी 12 हजार से ज्यादा वोटों से जीती, कांग्रेस के सुरजेवाला हारे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 31, 2019 04:03 pm IST,  Updated : Jan 31, 2019 04:08 pm IST

हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण मिड्ढा ने जींद विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला को 12,000 से अधिक मतों से शिकस्त दी।

jind bypoll result- India TV Hindi
jind bypoll result

जींद: हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण मिड्ढा ने जींद विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला को 12,000 से अधिक मतों से शिकस्त दी। भाजपा ने यह सीट मुख्य विपक्षी दल इनेलो से छीनीं है। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जींद में अपनी हार को स्वीकार किया और कृष्ण मिड्ढा को उनकी जीत के लिए बधाई दी। बता दें कि बीजेपी के कृष्ण लाल मिड्ढा को 50566, जेजेपी के दिग्विजय चौटाला को 37631 और कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला को 22740 वोट मिले।

जींद के उपायुक्त सह निर्वाचन अधिकारी अमित खत्री ने बताया कि मिड्ढा ने यह चुनाव 12,935 मतों के अंतर से जीता है। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को उम्मीदवार बनाया था। वह तीसरे नंबर पर रहे। इनेलो विधायक हरिचंद मिड्ढा के निधन से यह सीट रिक्त हुई थी।

उल्लेखनीय है कि जींद के लिए बीते 28 जनवरी को मतदान हुआ था और 75.77 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। लोकसभा चुनावों से पहले हो रहे जींद उपचुनाव को सभी पार्टियों के लिए बेहद अहम माना जा रहा था। भारतीय जनता पार्टी ने दिवंगत विधायक हरि चंद मिड्ढा के पुत्र कृष्ण मिड्ढा को इन चुनावों के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया था। कृष्ण मिड्ढा हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए थे।

इनेलो के टूट कर नई पार्टी बनी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के लिए भी यह चुनाव महत्वपूर्ण था। जेजेपी ने जेल में बंद अजय सिंह चौटाला के छोटे बेटे दिग्विजय सिंह चौटाला को उम्मीदवार घोषित किया था। कांग्रेस ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को उम्मीदवार बनाया था। आम आदमी पार्टी ने जेजेपी के उम्‍मीदवार दिग्‍विजय सिंह चौटाला को समर्थन की घोषणा की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें हरियाणा