1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. "यह समग्र कल्याण का चुनाव है, इसके लिए बीजेपी प्रतिबद्ध", हरियाणा इलेक्शन को लेकर बोले नितिन गडकरी

"यह समग्र कल्याण का चुनाव है, इसके लिए बीजेपी प्रतिबद्ध", हरियाणा इलेक्शन को लेकर बोले नितिन गडकरी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 26, 2024 07:03 am IST,  Updated : Sep 26, 2024 07:03 am IST

हरियाणा के थानेसर में एक चुनावी रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह चुनाव केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं है, बल्कि हरियाणा के लोगों के समग्र कल्याण के लिए है, जिसके लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी- India TV Hindi
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी Image Source : PTI

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग में कुछ ही दिन रह गए हैं। उसके पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 5 अक्टूबर को हरियाणा में होने वाला विधानसभा चुनाव केवल बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला नहीं है, बल्कि यह हरियाणा के लोगों के समग्र कल्याण के लिए है और इसके लिए उनकी पार्टी प्रतिबद्ध है। बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत पिछले 10 वर्षों के दौरान देश और हरियाणा में किए गए विकास कार्यों पर नजर डालते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि यह इसलिए संभव हुआ, क्योंकि सही सरकार आई, सही नीति बनी। 

"यह चुनाव केवल भाजपा-कांग्रेस के बीच नहीं"

थानेसर (कुरुक्षेत्र) विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार सुभाष सुधा के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि यह चुनाव केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं है, बल्कि हरियाणा के लोगों के समग्र कल्याण के लिए है, जिसके लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। हरियाणा और पंजाब को अनाज का भंडार बताते हुए उन्होंने कहा कि मेहनती किसान यहां एक एकड़ में जितना अनाज पैदा करते हैं, उतना देश के किसी अन्य कोने में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे में केंद्र सरकार किसानों की समृद्धि के लिए बड़ी योजना पर काम कर रही है। इससे किसान अब अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जादाता भी बनेगा। 

किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील

नितिन गडकरी ने कहा कि जब वह यहां आ रहे थे तो उन्होंने कुछ स्थानों पर पराली जलती हुई देखी। उन्होंने कहा, "मैं किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील करूंगा। अब नई तकनीक आ गई है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में पराली से बायो-सीएनजी और बायो-एलएनजी तैयार किए जाने वाले करीब 400 संयंत्र प्रक्रियाधीन हैं और पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, कर्नाटक व महाराष्ट्र में 60 प्लांट शुरू हो चुके हैं। इस ईंधन से स्कूटर, कार और ट्रक जैसे वाहन चलाए जा सकते हैं।

"हरियाणा को हर जगह हाईवे-एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा"

गडकरी ने कहा, "पिछले 10 सालों में देश बदल रहा है। कहीं एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, तो कहीं रोपवे। कश्मीर से कन्याकुमारी तक इन एक्सप्रेसवे की वजह से भारत में आवागमन की सुगमता बढ़ी है।" उन्होंने कहा कि हरियाणा को हर जगह हाईवे और एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है। अब यहां से चंद घंटों में दिल्ली और मुंबई जाना आसान हो गया है। कुरुक्षेत्र से अपने जुड़ाव को याद करते हुए गडकरी ने कहा कि कई साल पहले पार्टी ने उन्हें हरियाणा की जिम्मेदारी दी थी और वह कई महीनों तक कुरुक्षेत्र, यमुनानगर में रहे थे। (भाषा)

ये भी पढ़ें- 

Mumbai Rains: मुंबई में बारिश ने रोकी local trains की रफ्तार, स्कूल कॉलेज बंद, अलर्ट जारी

बिहार के औरंगाबाद में तालाब में डूबने से 8 बच्चों की मौत, सीएम नीतीश ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।