1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस

हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Niraj Kumar
 Published : Dec 20, 2024 12:25 pm IST,  Updated : Dec 20, 2024 01:18 pm IST

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वे इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो थे। उन्होंने गुरुग्राम स्थित अपने निवास पर आखिरी सांस ली।

ओमप्रकाश चौटाला- India TV Hindi
ओमप्रकाश चौटाला Image Source : FILE

गुरुग्राम: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वे 89 वर्ष के थे। उन्होंने गुरुग्राम स्थित अपने निवास पर आखिरी सांस ली। चौटाला को उनके घर में दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर सुनते ही समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। 

चौधरी देवीलाल के बेटे थे ओम प्रकाश चौटाला

ओम प्रकाश चौटाला को सियासत विरासत में मिली थी। वे हरियाणा के साथ ही देश की सियासत में मशहूर रहे चौधरी देवीलाल के बेटे थे। चौधरी देवीलाल  1989 में जनता दल की सरकार में देश के उप प्रधानमंत्री रहे थे। 

चौधरी देवीलाल की 5 संतानों में से ओम प्रकाश चौटाला सबसे बड़े बेटे थे। देवीलाल जब डिप्टी पीएम बने तो उन्होंने हरियाणा की जिम्मेदारी संभाली। ओम प्रकाश चौटाला 1989 से 91 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। 1999में ओम प्रकाश चौटाला ने बीजेपी की मदद से हरियाणा में सरकार बनाई और सीएम बने। वे चार बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

ओम प्रकाश चौटाला के दो बेटे अजय और अभय चौटाला हैं। दोनों हरियाणा की राजनीति में सक्रिय हैं। अजय चौटाला के बेटों के नाम दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला है। दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रह चुके हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, "INLD  सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने जीवन भर प्रदेश और समाज की सेवा की। यह देश और हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है..."

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।