1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पंचकूला: परीक्षा से 5 मिनट पहले गलत सेंटर पहुंच गया छात्र, DCP ने अपनी गाड़ी से सही जगह पहुंचाया

पंचकूला: परीक्षा से 5 मिनट पहले गलत सेंटर पहुंच गया छात्र, DCP ने अपनी गाड़ी से सही जगह पहुंचाया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jul 26, 2025 07:09 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 07:09 pm IST

डीसीपी की मदद के चलते छात्र सही समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया और बिना किसी परेशानी के परीक्षा दी। उसने मदद के लिए डीसीपी का आभार जताया।

DCP Car help- India TV Hindi
डीसीपी ने अपनी गाड़ी से छात्र को भिजवाया Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के पंचकूला में एक छात्र परीक्षा से ठीक पहले गलत सेंटर पर पहुंच गया। जब छात्र को पता चला कि वह गलत सेंटर पर पहुंचा है, तब तक काफी देर हो चुकी थी। परीक्षा शुरू होने में सिर्फ 5-7 मिनट बचे थे। ऐसे में डीसीपी ने अपनी गाड़ी से छात्र को सही परीक्षा सेंटर तक पहुंचाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो देखकर लोग डीसीपी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद छात्र ने भी डीसीपी का शुक्रिया अदा किया।

सीईटी परीक्षा को सफल करवाने को लेकर हरियाणा सरकार के दिशा निर्देशों के तहत पंचकूला पुलिस भी पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के नेतृत्व में पूरी तरह से अलर्ट है। 

गलत सेंटर पहुंचकर घबराया छात्र

पुलिस ने न सिर्फ सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सूचारू रखा है जबकि जरुरत पड़ने पर अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र तक भी पहुंचाया है। इसी सतर्कता और संवेदनशीलता का एक उदाहरण शनिवार को उस समय देखने को मिला जब सीईटी परीक्षा में शामिल होने आया एक अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र की गलतफहमी में सेक्टर-15 स्थित भवन विद्यालय पहुंच गया, जबकि उसका असल परीक्षा केन्द्र सेक्टर-15 के ही एक अन्य विद्यालय में था। परीक्षार्थी को यह बात तब पता चली जब वह बार-बार रोल नंबर सूची देखने के बाद भी अपना नाम नहीं खोज पाया और घबराने लगा।

डीसीपी ने अपनी गाड़ी से सही सेंटर भिजवाया

ठीक उसी समय डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता सेक्टर-15 स्थित भवन विद्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंची हुई थीं। परीक्षार्थी की स्थिति को समझते हुए उन्होंने तुरंत स्थिति का संज्ञान लिया। परीक्षा शुरु होने का समय 3:15 का था लेकिन प्रवेश द्वार 2:30 बजे बंद होना था और अभ्यर्थी के पास 5 से 7 मिनट ही शेष थे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए डीसीपी ने बिना समय गंवाए अपनी एस्कॉर्ट वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे अभ्यर्थी को उसके असली परीक्षा केन्द्र तक शीघ्रता से पहुंचाएं।

छात्र ने कहा शुक्रिया

पुलिस की तेज कार्रवाई और मानवीय पहल के चलते छात्र समय रहते अपने सही परीक्षा केन्द्र पर पहुंच गया और परीक्षा में सम्मिलित हो सका। अभ्यर्थी ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो वह परीक्षा से वंचित रह जाता।

(पंचकूला से उमंग विजय की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।