Sunday, February 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: 17 अक्टूबर को पूरा होगा BJP के तीसरे कार्यकाल का एक साल, PM मोदी जाएंगे सोनीपत

हरियाणा: 17 अक्टूबर को पूरा होगा BJP के तीसरे कार्यकाल का एक साल, PM मोदी जाएंगे सोनीपत

पीएम मोदी 17 अक्टूबर को हरियाणा के सोनीपत का दौरा करेंगे। यहां राज्य में बीजेपी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर पीएम मोदी सोनीपत जाएंगे। इस दौरान वह कई विकास परियोजनाएं समर्पित करेंगे।

Edited By: Amar Deep @amardeepmau
Published : Oct 04, 2025 09:40 pm IST, Updated : Oct 04, 2025 09:40 pm IST
पीएम मोदी करेंगे सोनीपत का दौरा।- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE पीएम मोदी करेंगे सोनीपत का दौरा।

चंडीगढ़: हरियाणा में 17 अक्टूबर को भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी 17 अक्टूबर को सोनीपत में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पीएम मोदी राज्य के लोगों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित करेंगे। अधिकारियों ने इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। 

सीएम ने की अनौपचारिक बैठक

दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को मंत्रिपरिषद की अनौपचारिक बैठक हुई। इस बैठक में पिछले साल की सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और विभिन्न अन्य मुद्दों की समीक्षा की गई। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह बैठक 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चले ‘सेवा पखवाड़ा’ के सफल समापन के बाद बुलाई गई थी। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने राज्य की प्रगति का आकलन किया और आगामी परियोजनाओं और योजनाओं के कार्यान्वयन पर चर्चा की। 

पीएम के कार्यक्रम पर हुई चर्चा

बयान के अनुसार मंत्रियों ने सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर 17 अक्टूबर को सोनीपत में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया। इसमें कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे और राज्य के लोगों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित करेंगे।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘यह अवसर राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को प्रदर्शित करने के साथ-साथ इसकी नीतियों के प्रति जनता के समर्थन को उजागर करने का मौका प्रदान करेगा।’’

सीएम सैनी ने दी जानकारी

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले साल अक्टूबर में हरियाणा की जनता ने भाजपा को मजबूत जनादेश के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता सौंपी थी। सैनी ने कहा, ‘‘वर्तमान सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर, प्रधानमंत्री मोदी 17 अक्टूबर को सोनीपत में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे और राज्य के लोगों के लिए नयी विकास योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हरियाणा से एक विशेष रिश्ता है।

एक साल में दो बार हरियाणा पहुंचे पीएम मोदी

बता दें कि पिछले एक साल में पीएम मोदी दो बार हरियाणा का दौरा कर चुके हैं। पीएम मोदी ने आठ दिसंबर, 2024 को पानीपत से बीमा सखी योजना की शुरुआत की थी जबकि 14 अप्रैल, 2025 को आंबेडकर जयंती के मौके पर हिसार में नव-उद्घाटित एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई थी। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

नितिन गडकरी ने दिया आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, बोले- 'विमानन क्षेत्र में अपार संभावनाएं, देशभर में दोगुना बढ़ गए एयरपोर्ट'

बिहार चुनाव से पहले CM ने दी बड़ी सौगात, मुंगेर में 13 हजार करोड़ की योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement