1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बॉडीबिल्डर रोहित धनखड़ हत्याकांड में एक्शन, 2 हजार KM दूर से यूं गिरफ्तार हुए 3 आरोपी

बॉडीबिल्डर रोहित धनखड़ हत्याकांड में एक्शन, 2 हजार KM दूर से यूं गिरफ्तार हुए 3 आरोपी

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Dec 13, 2025 11:42 pm IST,  Updated : Dec 13, 2025 11:42 pm IST

बॉडीबिल्डर रोहित धनखड़ के मर्डर के केस में हरियाणा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बेंगलुरु से 3 आरोपियों को अरेस्ट किया है। इस बीच, खाप महापंचायत ने 11 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है।

Rohit dhankar murder case- India TV Hindi
बॉडीबिल्डर रोहित धनखड़ हत्याकांड मामले में हुई गिरफ्तारी। Image Source : PEXELS (सांकेतिक तस्वीर)

बेंगलुरु: हरियाणा पुलिस ने भिवानी में पिछले महीने हुई पेशेवर बॉडीबिल्डर की हत्या के केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, 26 साल के रोहित धनखड़ पर बीते 27 नवंबर को एक शादी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने मार डाला था। यह घटना रेवाड़ी खेड़ा–बामला रोड रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक हुई थी, जब रोहित धनखड़ ने महिलाओं के संग हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया था। अटैक में बुरी तरह से चोटिल हुए रोहित ने बाद में दम तोड़ दिया था।

बेंगलुरु से अरेस्ट हुए 3 आरोपी

बता दें कि भिवानी पुलिस की स्पेशल टीम ने बेंगलुरु से 3 आरोपियों को अरेस्ट किया है। यह एक्शन हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह के निर्देश पर बनाई गई स्पेशल टीम ने लिया, जिसमें सदर थाना, क्राइम यूनिट और साइबर सेल के पुलिसकर्मी थे। जान लें कि अरेस्ट हुए आरोपियों की पहचान वरुण, उसके भाई तरुण और दीपक के तौर पर हुई है। ये तीनों भिवानी के तिगड़ाना गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और अन्य सबूतों की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है।

हत्याकांड में एक्शन पर DGP का पोस्ट

डीजीपी ओपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया, ''दो मुख्य हत्यारे बेंगलुरु से गिरफ्तार। सीआईए भिवानी को बधाई। शेष भी जल्दी ही धरे जाएंगे। सालों जेल में सड़ेंगे।''

खाफ ने सरकार से की ये डिमांड

इधर, इस मर्डर केस में इंसाफ की डिमांड को लेकर हरियाणा के रोहतक में सर्वखाप महापंचायत का आयोजन हुआ। हुड्डा खाप के चीफ ओमप्रकाश ने मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को 16 दिसंबर तक अरेस्ट किया जाए। सरकार से समन्वय के लिए महापंचायत में 11 सदस्यों की कमेटी का गठन भी किया गया। यह कमेटी हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात करके इंसाफ की मांग करेगी। साथ ही रोहित धनखड़ की फैमिली को एक सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद के तौर पर 1 करोड़ रुपये देने की भी डिमांड की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।