1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा कांग्रेस के नए अध्यक्ष का ऐलान, राव नरेंद्र सिंह को मिली कमान, हुड्डा को भी अहम जिम्मेदारी

हरियाणा कांग्रेस के नए अध्यक्ष का ऐलान, राव नरेंद्र सिंह को मिली कमान, हुड्डा को भी अहम जिम्मेदारी

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Sep 29, 2025 08:48 pm IST,  Updated : Sep 29, 2025 11:29 pm IST

कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा के लिए अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राव नरेंद्र सिंह के नाम का ऐलान किया है। पार्टी के दिग्गज नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है।

HARYANA CONGRESS PRESIDENT- India TV Hindi
हरियाणा कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने राव नरेंद्र सिंह। Image Source : ANI

हरियाणा की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा के लिए अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, राव नरेंद्र सिंह को हरियाणा कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राव नरेंद्र सिंह हरियाणा कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष उदय भान की जगह लेंगे।

भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को भी अहम जिम्मेदारी

कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी किए गए नोटिस में लिखा है- "कांग्रेस अध्यक्ष ने राव नरेन्द्र सिंह को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को हरियाणा कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।"

कौन हैं राव नरेंद्र सिंह?

राव नरेंद्र सिंह हरियाणा के अटेली, नारनौल से 3 बार के विधायक रह चुके हैं। वह पूर्व में हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं चुनाव मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष उदय भान का स्थान लिया है। वहीं, दूसरी ओर विधायक दल का नेता होने के चलते हुड्डा राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होंगे। पिछली विधानसभा में भी उन्होंने इस भूमिका को निभाया था।

हार के 10 महीने बाद बदलाव

हरियाणा में बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की करारी हार हुई थी। इसके करीब 10 महीने बाद कांग्रेस की ओर से हरियाणा में नई नियुक्तियां की गई हैं। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है।
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।