1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणाः भिवानी में महिला SHO गिरफ्तार, थाने में विजिलेंस की रेड; एक अन्य पुलिस स्टेशन की ASI भी हिरासत में

हरियाणाः भिवानी में महिला SHO गिरफ्तार, थाने में विजिलेंस की रेड; एक अन्य पुलिस स्टेशन की ASI भी हिरासत में

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 26, 2026 11:31 pm IST,  Updated : May 26, 2026 11:44 pm IST

भिवानी में महिला थाने में विजिलेंस की रेड के बाद SHO कमलेश रिश्वत लेते गिरफ्तार की गई हैं। विजिलेंस का कहना है कि उसके पास रिश्वत मांगने की रिकॉर्डिंग है।

विजिलेंस की हिरासत में थाना प्रभारी- India TV Hindi
विजिलेंस की हिरासत में थाना प्रभारी Image Source : REPORTER

भिवानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ हिसार विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। महिला थाना प्रभारी को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। विजिलेंस टीम ने महिला थाने में रेड कर यह कार्रवाई की। मामले में जांच जारी है और विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि रिश्वत मांगने की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। एक अन्य थाने की ASI भी विजिलेंस की हिरासत में है। उससे भी पूछताछ चल रही है। 

दरअसल, हिसार विजिलेंस टीम को शिकायत मिली थी कि भिवानी महिला थाना की SHO कमलेश सरकारी काम करने के एवज में पैसे की मांग कर रही हैं। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले की जांच शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

शिकायत के बाद विजिलेंस की छापेमारी

जिले के बढ़ाला गांव निवासी शिकायतकर्ता संजय की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई। संजय को IT एक्ट में बरी करने पर ये रिश्वत मांगी गई थी। विजिलेंस जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों और डीजीपी व एसपी के निर्देश पर टीम ने महिला थाना भिवानी में रेड की। कार्रवाई के दौरान SHO कमलेश को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।  दलबीर सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि महिला थाना भिवानी में SHO सरकारी काम के लिए पैसों की डिमांड कर रही हैं। अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। महिला SHO से 7 हजार रुपये बरामद हुए हैं। जिस मामले में पैसों की डिमांड की गई थी उसकी रिकॉर्डिंग भी हमारे पास मौजूद है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

यहां देखें वीडियो

विजिलेंस टीम अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सेक्टर-9 महिला हत्याकांड में बड़ा खुलासा 

वहीं, करनाल के सेक्टर-9 में हुए चर्चित महिला हत्याकांड में पुलिस जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। पुलिस के मुताबिक इस सनसनीखेज हत्या की साजिश विदेश में रची गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के लिए पेशेवर शूटर का इस्तेमाल किया गया। मामले में गिरफ्तार आरोपी शूटर विकास को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े हर किरदार और इस्तेमाल किए गए हथियारों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

 

रिपोर्ट- सुनील कुमार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।