करनाल में इंद्री हल्के के कमालपुर रोडान गांव में दंपति की हत्याकांड का खुलासा हो गया है। दंपति की हत्या करने वाला उनका अपना ही इकलौता बेटा ही निकला। करनाल पुलिस ने इस मामले में दंपति के बेटे हिम्मत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि संपत्ति विवाद के चलते उसने अपने माता-पिता की हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिए। पुलिस ने मृतका बाला देवी का शव पानीपत नहर से बरामद कर लिया है, जबकि महेंद्र सिंह की तलाश जारी है।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि आरोपी हिम्मत सिंह का अपने पिता महेंद्र सिंह से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। महेंद्र ने इस संबंध में कोर्ट में याचिका भी दायर कर रखी थी। इस वजह से पिता-पुत्र में अक्सर अनबन रहती थी। 13-14 मार्च की मध्यरात्रि में हिम्मत ने इस वारदात में एक ड्रिल मशीन व अपने दोस्त की मांगी हुई कार का प्रयोग किया।
होली के दिन मां-बाप को मार डाला
डीएसपी गौतम ने बताया कि होली वाले दिन उसके पिता शराब पिए थे और इसी का फायदा उठाते हुए रात के वक्त दीवार फांदकर वह घर में दाखिल हुआ। ड्रिल मशीन से पहले अपने पिता की हत्या की। इसके बाद मां के शोर मचाने पर उसके मुंह को दबा दिया और ड्रिल मशीन से उसकी भी हत्या कर दी। माता-पिता की हत्या कर उनके शव करनाल के गांव गगसीना नहर में फेंक दिया।
डीएसपी गौतम ने बताया के सीआईए 2 पुलिस की टीम की मदद से हम घटना की तह तक पहुंचने के बाद जब संतुष्ट हो गए कि इस पूरी घटना का आरोपी बेटा हिम्मत सिंह ही है। तब हमने हिरासत में लिए हुए हिम्मत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
पुलिस ने पहले से ही आरोपी पर रखा था शक
गौरतलब है कि घटना के बाद से ही पुलिस मामले को पारिवारिक विवाद से जोड़कर जांच कर रही थी। पुलिस ने मृतका के बेटे हिम्मत सिंह को हिरासत में ले रखा था, क्योंकि घटना के समय वह संदिग्ध लग रहा था। हिम्मत सिंह शादी के बाद अपनी पत्नी के साथ उचाना गांव में रह रहा था। पुलिस ने कई दिनों की जांच के बाद इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पुलिस कर रही आगे की पूछताछ
पुलिस ने आरोपी हिम्मत सिंह को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब महेंद्र के शव की तलाश में जुटी हुई है और यह भी जांच कर रही है कि हत्या में कोई और शामिल था या नहीं।
रिपोर्ट- अमित भटनागर, करनाल