1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सुबह उठते ही होती है पैर के तलवे में तेज दर्द? तो जान लें किस बीमारी का हो सकता है संकेत

सुबह उठते ही होती है पैर के तलवे में तेज दर्द? तो जान लें किस बीमारी का हो सकता है संकेत

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 13, 2026 08:26 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 08:26 pm IST

सुबह सोकर उठते ही जैसे ही आप अपना पहला कदम ज़मीन पर रखते हैं, तो एड़ी या तलवे में सुई चुभने जैसा तेज़ दर्द होता है? अगर हां, तो यहां जान लें किस बीमारी की चपेट में हैं आप।

सुबह उठते ही होती है पैर के तलवे में तेज दर्द? तो जान लें किस बीमारी का हो सकता है संकेत - India TV Hindi
सुबह उठते ही होती है पैर के तलवे में तेज दर्द? तो जान लें किस बीमारी का हो सकता है संकेत Image Source : MAGNIFIC

सुबह बिस्तर से उठते ही पैर के तलवे में तेज दर्द होना और पहले कुछ कदम चलने में परेशानी महसूस करना एक आम समस्या है। कई लोग इसे थकान या ज्यादा चलने का नतीजा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, अगर यह दर्द बार-बार हो रहा है, तो इसके पीछे कुछ स्वास्थ्य संबंधी कारण हो सकते हैं। समय रहते इसकी वजह जानना जरूरी है, ताकि समस्या गंभीर होने से पहले सही इलाज शुरू किया जा सके।  डॉ. मोनू सिंह, निदेशक आर्थोपेडिक्स, फोर्टिस अस्पताल, मानेसर बता रहे हैं कि ये किस बीमारी का संकेत हो सकते हैं। 

1. प्लांटर फैसिआइटिस हो सकता है प्रमुख कारण

सुबह उठते ही एड़ी या तलवे में दर्द होने की सबसे आम वजह प्लांटर फैसिआइटिस है। इसमें पैर के तलवे में मौजूद मोटे टिशू, जो एड़ी को पंजों से जोड़ते हैं, में सूजन या जलन हो सकती है। लंबे समय तक बैठने या सोने के बाद जब व्यक्ति पहला कदम रखता है, तो दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है। कुछ देर चलने के बाद दर्द कम हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने से दोबारा बढ़ सकता है।

2. एड़ी में स्पर या दूसरी समस्याएं
एड़ी की हड्डी के पास अतिरिक्त हड्डी का उभार, जिसे हील स्पर कहते हैं, कुछ लोगों में दर्द का कारण हो सकता है। हालांकि, हील स्पर होने का मतलब यह नहीं कि दर्द जरूर होगा। इसके अलावा, गलत फिटिंग वाले जूते, लंबे समय तक खड़े रहना और पैरों पर ज्यादा दबाव पड़ना भी दर्द की वजह बन सकते हैं।

3. क्या यह गठिया या नसों की समस्या का संकेत है?
अगर तलवे में दर्द के साथ सूजन, लालिमा या जोड़ों में अकड़न भी हो, तो गठिया जैसी स्थितियों की जांच जरूरी है। वहीं, दर्द के साथ झनझनाहट, जलन या सुन्नपन महसूस होना नसों से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। डायबिटीज से पीड़ित लोगों में भी नसों को नुकसान पहुंचने के कारण पैरों में ऐसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

दर्द से राहत पाने के लिए क्या करें?
आरामदायक और अच्छी सपोर्ट वाले जूते पहनें। सुबह बिस्तर से उठने से पहले पंजों और पिंडलियों की हल्की स्ट्रेचिंग करें। तलवे पर ठंडी सिकाई करने से भी राहत मिल सकती है। यदि दर्द लगातार बना रहे, बढ़ता जाए या चलने में परेशानी हो, तो डॉक्टर से संपर्क करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।