शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ रखना है तो मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर बनाना जरूरी है। कई बार आप बाहर से खुद को फिट महसूस करते हैं लेकिन अंदर आपकी मेटाबॉलिक हेल्थ खराब हो रही होती है। इससे आपके हार्मोन्स पर बुरा असर पड़ सकता है। योग, न्यूट्रिशियन और फिटनेस कोच नटराज ने चयापचन यानि मेटाबॉलिज्म को तेज करने के आसान टिप्स बताए हैं। जिसमें मसल्स, एक्टिविटी, पोषण, नींद और तनाव पर फोकस किया गया है। इससे आपकी मेटाबॉलिक हेल्थ में सुधार आएगा और शरीर अंदर-बाहर से स्वस्थ रहेगा।
मेटाबॉलिक हेल्थ को आसान भाषा में समझें तो शरीर के अंदर की जरूरी प्रक्रियाएं हैं जो ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और वजन को संतुलित रखती हैं। यानि शरीर के अंदर का सिस्टम कितना संतुलित और स्वस्थ है, यही मेटाबॉलिक हेल्थ है।
मेटाबॉलिक हेल्थ को कैसे बेहतर बनाया जाए
मांसपेशियों को मजबूत बनाएं- सप्ताह में आपको 3-4 बार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जरूर करनी चाहिए। इससे आप मेटाबॉलिक हेल्थ को मजबूत बना सकते हैं। मेटाबॉलिक हेल्थ में सुधार उम्र बढ़ने के खिलाफ आपका सबसे बड़ा हथियार है। इससे आप खुद को कहीं ज्यादा मजबूत और ताकतवर महसूस करते हैं।
प्रोटीन खाएं- आपको खाने में प्रोटीन जरूर शामिल करना चाहिए। हर मील में कुछ हिस्सा प्रोटीन का जरूर होना चाहिए। आपके खाने में प्रति मील 25-30 ग्राम प्रोटीन होना चाहिए। इससे मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में मदद मिलती है। ।
नियमित रूप से टहलें- मेटाबॉलिक हेल्थ में सुधार के लिए रोजाना और हर खाने के बाद कुछ देर जरूर टहलें। रोजाना अपने स्टेप काउंट का ध्यान रखें और दिन में 8,000-10,000 कदम चलें। इसके साथ ही हर बार खाने के बाद 10 मिनट टहलें।
अच्छी नींद लें- स्वस्थ रहने के लिए आपको 7-8 घंटे की नींद लें। यह आपके शरीर की रिपेयर करने और हार्मोन को रीसेट करने में मदद करता है। आपको रात में अच्छी नींद लेना बहुत जरूरी है।
पैकेटबंद खाने से दूर रहें- जितना हो सके घर का बना और ताजा खाना खाएं। बाजार में मिलने वाले पैकेज्ड फूड और स्नैक्स के बजाय साबुत अनाज जैसे दाल, सब्जी, बाजरा, फर्मेंटेड फूड और सीजनल फल खाएं।
तनाव को कंट्रोल रखें- शरीर को स्वस्थ रखने और मेटाबॉलिक हेल्थ में सुधार के लिए रोजाना योग, सांस से जुड़े व्यायाम करें। खुले में समय बिताएं। कोर्टिसोल के स्तर को कम करें जो आपको अंदर से बूढ़ा बनाता है।