1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. किडनी खराब होने से बचाने के लिए रोज कितना पानी पीना चाहिए, डॉक्टर की इस सलाह को न करें नजरअंदाज

किडनी खराब होने से बचाने के लिए रोज कितना पानी पीना चाहिए, डॉक्टर की इस सलाह को न करें नजरअंदाज

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Aug 07, 2025 07:31 am IST,  Updated : Aug 07, 2025 07:31 am IST

Water For Healthy Kidney: पानी सिर्फ प्याज बुझाने के लिए नहीं बल्कि शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए भी जरूरी है। पानी शरीर को डिटॉक्स करता है। जो लोग कम पानी पीते हैं उनकी किडनी पर बुरा असर पड़ता है। डॉक्टर ने बताया किडनी को स्वस्थ रखने के लिए कितना पानी पीना चाहिए?

किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पानी- India TV Hindi
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पानी Image Source : FREEPIK

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए किडनी का हेल्दी होना जरूरी है। किडनी शरीर में मौजूद हानिकारक विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है। शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस करने, सोडियम और पोटैशियम को कंट्रोल करने का काम किडनी ही करती है। खाने से गैर जरूरी चीजों को किडनी बाहर निकाल देती है। कई हार्मोन बनाने और ब्लड प्रेशर कंट्रोल रखने में भी किडनी का रोल होता है। लेकिन कई बार कुछ आदतों के कारण किडनी का फंक्शन प्रभावित होने लगता है। जिसमें एक आदत है कम पानी पीने की, जो लोग कम पानी पीते हैं उनकी किडनी पर असर पड़ता है। किडनी ठीक से फिल्टर नहीं कर पाती जिससे दूसरे अंग भी प्रभावित होते हैं। ऐसे में किडनी को हेल्दी रखने के लिए एक दिन में कितना पानी पीना चाहिए, डॉक्टर से जानते हैं।

किडनी को स्वस्थ रखने के लिए 1 दिन में पानी

डॉक्टर संजीव सक्सेना (हेड ऑफ द नेफ्रोलॉजी, PSRI) ने बताया, किडनी को हेल्दी रखने के लिए पानी की ऐसी कोई मात्रा तय नहीं है। ये पूरी तरह आपके काम और एक्टिविटीज पर निर्भर है। शरीर खुद बता देता है कि कितने पानी की जरूरत है। पानी कम होने पर शरीर प्यास के जरिए संकेत देने लगता है। एक नॉर्मल इंसान को कम से कम दिन में 2 लीटर पानी पीना ही चाहिए। बहुत कम पानी 700 से 800 मिली लीटर शरीर के लिए जरूरी है। अब पानी की जरूरत आपके काम, जलवायु, उम्र और खाने पर भी निर्भर करती है। सिर्फ पानी ही नहीं शरीर में दूध, दही, फल और सब्जियों के जरिए भी पानी पहुंचता है।

ज्यादा पानी पीना भी है खतरनाक

कुछ लोग एक बार में ही बहुत ज्यादा पानी पी जाते हैं। सुबह उठकर 1-2 लीटर पानी पी लेते हैं। ये आदत ठीक नहीं है। एक साथ बहुत ज्यादा पानी पीने से किडनी पर प्रेशर पड़ता है। इसलिए अपने पानी को पूरे दिनभर में थोड़ा-थोड़ा और सिप कर करके पीना चाहिए। इससे शरीर हाइड्रेट रहता है और किडनी पर जोर नहीं पड़ता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।