1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. मिर्गी के दौरे क्यों पड़ते हैं, डॉक्टर ने बताया क्या है इलाज और कितने दिन में मरीज ठीक हो सकता है?

मिर्गी के दौरे क्यों पड़ते हैं, डॉक्टर ने बताया क्या है इलाज और कितने दिन में मरीज ठीक हो सकता है?

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Nov 17, 2025 02:59 pm IST,  Updated : Nov 17, 2025 02:59 pm IST

Causes Of Epileptic Seizures: मिर्गी के दौरे पड़ना गंभीर बीमारी है, लेकिन बिना लापरवाही के डॉक्टर से सही समय पर इलाज मिल जाए तो इससे जिंदगी को नॉर्मल किया जा सकता है। डॉक्टर ने बताया मिर्गी के दौरे पड़ने के क्या कारण हैं?

मिर्गी के दौरे पड़ने के कारण- India TV Hindi
मिर्गी के दौरे पड़ने के कारण Image Source : FREEPIK

मिर्गी (Epilepsy) एक न्यूरोलॉजिकल विकार है, जिसमें मस्तिष्क के अंदर असामान्य विद्युत गतिविधि होती है। भारत में लाखों लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं और समय रहते जागरूकता और सही इलाज के जरिए इसे कंट्रोल किया जा सकता है। मिर्गी का सीधा कनेक्शन हमारे मस्तिष्क (Brain) से होता है। मिर्गी के दौरे पड़ने के अलग-अलग लोगों में कुछ इस तरह के कारण हो सकते हैं। डॉक्टर आदित्य गुप्ता (डायरेक्टर, न्यूरोसर्जरी एंड साइबरनाइफ, आर्टेमिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम) ने बताया कि मिर्गी कई कारणों से हो सकती है, लेकिन इसके मुख्य कारण इनमें से कोई हो सकते हैं।

मिर्गी के दौरे क्यों पड़ते हैं?

मस्तिष्क में चोट (Brain Injury)- किसी को सड़क दुर्घटना, गिरने या सिर पर चोट लगने के बाद मस्तिष्क की कोशिकाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं, जो बाद में दौरे का कारण बनती हैं।

स्ट्रोक (Stroke)- स्ट्रोक के बाद मस्तिष्क के प्रभावित हिस्से में असंतुलित विद्युत गतिविधि विकसित हो जाती है, जिससे मिर्गी होने की संभावना बढ़ जाती है।

दिमाग में ट्यूमर या इंफेक्शन (Brain Tumor Or Infection)- ब्रेन ट्यूमर, मैनिन्जाइटिस, एन्सेफलाइटिस जैसे संक्रमण दिमाग की संरचना को प्रभावित करते हैं और मिर्गी के दौरे की स्थिति पैदा कर सकते हैं।

जन्मजात कारण (Genetic/Early Developmental Issues)- कुछ बच्चों में मस्तिष्क का विकास गर्भावस्था या जन्म के दौरान प्रभावित हो जाता है, जिससे बचपन में मिर्गी के लक्षण दिख सकते हैं।

आनुवंशिक कारण (Genetic)- कुछ प्रकार की मिर्गी परिवार में चलती है और जीन संबंधी बदलावों के कारण होती है।

इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन / मेटाबॉलिक कारण- लो शुगर, हाई या लो सोडियम, किडनी/लिवर की गंभीर समस्याएं भी दौरे ट्रिगर कर सकती हैं।

क्या मिर्गी का इलाज संभव है?

डॉक्टर आदित्य गुप्ता बताते हैं कि मिर्गी का आधुनिक उपचार बेहद प्रभावी है। दवाइयों से 70% मरीज पूरी तरह कंट्र्रोल किया जा सकता है। जिन पर दवाइयां असर नहीं करतीं, उनमें एडवांस्ड ब्रेन सर्जरी, लेज़र एब्लेशन या साइबरनाइफ तकनीक बेहतरीन परिणाम दे सकती है। समय पर पता लगना और लगातार फॉलो-अप मरीज के स्वस्थ रहने के लिए बहुत जरूरी हैं। मिर्गी एक ऐसी बीमारी है जिसे सही जानकारी, समय पर उपचार और परिवार के सहयोग से पूरी तरह सामान्य जीवन में बदला जा सकता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।