1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. VIDEO: 2 घंटे तक रुकी रहीं दिल की धड़कनें, जानिए कैसे मौत के मुंह से मरीज को बचा लाए डॉक्टर?

VIDEO: 2 घंटे तक रुकी रहीं दिल की धड़कनें, जानिए कैसे मौत के मुंह से मरीज को बचा लाए डॉक्टर?

 Published : Nov 18, 2024 05:32 pm IST,  Updated : Nov 18, 2024 06:29 pm IST

इलाज के बाद मरीज अब सबके सामने है। सही से बोल और खा रहे हैं। डॉक्टरों की एक पूरी टीम मरीज के इलाज के लिए लगी रही। इसे मेडिकल साइंस में चमत्कार की तरह देखा जा रहा है।

इलाज के बाद सबके सामने आया मरीज- India TV Hindi
इलाज के बाद सबके सामने आया मरीज Image Source : INDIA TV

ओडिशा के एम्स भुवनेश्वर के डॉक्टरों ने चमत्कार कर दिखाया है। डॉक्टरों ने करीब-करीब मृत हो चुके व्यक्ति की धड़कनें फिर से लौटा दीं हैं। दअरसल, नयागढ़ जिले के शुभकांत साहू को 1 अक्टूबर को एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। 24 घंटे से शुभकांत को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर शुभकांत के परिजन रात 12 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर काटते रहे। इसके बावजूद कहीं कुछ न हुआ। 

40 मिनट तक दिया गया CPR 

1 अक्टूबर की सुबह 7 बजे उन्हें बेसुध हालत में एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, जब शुभकांत का इलाज चल रहा था तभी लगभग 10 बजे उनकी दिल की धड़कने बंद हो गईं। 40 मिनट तक सीपीआर देने के बाद भी शुभकांत की दिल की धड़कने शुरू नहीं हुईं। 

डॉक्टरों के पास बचे थे सिर्फ दो विकल्प

इस दौरान डॉक्टरों के पास सिर्फ 2 विकल्प बचे थे। पहला ये कि या तो शुभकांत को मृत घोषित कर दिया जाए या फिर उसे एकमो (ECMO) पर डाल कर एक बार फिर कोशिश की जाए। इस प्रक्रिया में एक डिवाइस को रोगी के शरीर में लगाया जाता है, जो दिल की तरह काम करता है और खून को पंप करता है। 

मरीज को ECMO पर डाला

ये मशीन फेफड़ों, दिल और नसों में खून पंप करता है। दिल की धड़कनों के रुकने के 80 मिनट बाद लगभग 11 बजे डॉक्टरों ने रोगी को ECMO पर डाला और उसका इलाज फिर से शुरू किया। ECMO पर डाल कर इलाज करने के 40 मिनट बाद एक चमत्कार हुआ। 'मृत' शुभकांत की धड़कनें फिर से धड़काना शुरू हो गईं। शुभकांत की सांसे लौट आईं।

30 घंटों बाद धड़कनें सामान्य हालत में लौटी

ECMO पर इलाज के 30 घंटों बाद दिल की धड़कनें सामान्य हालत में लौटी। ECMO के 96 घंटों के बाद शुभकांत को वेंटीलेटर पर रखा गया। 2 हफ्तों तक वेंटीलेटर पर रखने के बाद रोगी को होश आया और उसने अपनी आंखें खोली।

ओडिशा में पहला मामला

अभी मौत को चकमा दे कर लौटे शुभकांत की हालत ठीक है और वो फिर से मुस्कुरा रहे हैं। देशभर में ऐसी चमत्कार या कह लें कि इलाज बहुत कम देखने को मिलता है। ओडिशा और भारत के पूर्वी भाग में ये पहला मामला है, जब ऐसा कुछ देखा गया है। 

डॉक्टरों की टीम ने बताया चमत्कार

शुभकांत ने मौत के मुंह से लौटने के बाद डॉक्टरों का शुक्रिया अदा किया है। डॉक्टरों ने भी इसे चमत्कार बताया है। शुभकांत के होश में लौटने से अस्पताल से लेकर उसके जिले नयागढ़ तक खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।