जम्मू: दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों ने सोमवार को एक मुठभेड़ में तीन आतंकवादियों को मार गिराया। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने यहां कहा, "खुफिया सूचना के आधार पर आतंकवाद रोधी 3-राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) व राज्य पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के सैनिकों ने अनंतनाग जिले के तांत्रयपोरा सिलिगम गांव में एक मकान को घेर लिया।"
उन्होंने कहा, "चुनौती देने पर घर में छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकवादियों को मार गिराया गया। अभियान खत्म हो चुका है।"
सिलिगम गांव श्रीनगर से 70 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। प्रवक्ता ने कहा, "मारे गए आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।"