1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में सामने आए Coronavirus के 5980 नए मामले, इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 64,390

केरल में सामने आए Coronavirus के 5980 नए मामले, इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 64,390

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 10, 2021 09:53 pm IST,  Updated : Feb 10, 2021 09:53 pm IST

केरल में बुधवार को कोरोना वायरस से 18 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 3920 पहुंच गई है। वहीं राज्य में संक्रमण के 5980 नए मामले आए जिसके बाद कुल मामले 9.83 लाख तक पहुंच गए। 

5,214 new Covid-19 cases in Kerala; tally nears 1 mn-mark- India TV Hindi
केरल में बुधवार को कोरोना वायरस से 18 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 3920 पहुंच गई है।  Image Source : PTI

तिरुवनंतपुरम: केरल में बुधवार को कोरोना वायरस से 18 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 3920 पहुंच गई है। वहीं राज्य में संक्रमण के 5980 नए मामले आए जिसके बाद कुल मामले 9.83 लाख तक पहुंच गए। वहीं राज्य में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 64,390 हो गई है जो देश में सबसे ज्यादा है। देश में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,41,511 हैं, जिनमें से महाराष्ट्र में 35,917 मरीज हैं। केरल में  मुख्यमंत्री पी विजयन ने पत्रकारों को बताया कि 5745 लोग संक्रमण से उबरे हैं जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 9,14,87 हो गई है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के कुल मामले 9,83,374 हो गए हैं।

वहीं, देश में एक दिन में कोविड-19 के 11,067 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 1,08,58,371 हो गए। वहीं लगातार पांचवें दिन संक्रमण से मरने वालों की संख्या 100 से कम बनी हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से 94 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,55,252 हो गई। देश में 1,05,61,608 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 97.27 प्रतिशत हो गई। 

वहीं आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 से मृत्यु दर 1.43 प्रतिशत है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या दो लाख से कम है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 1,41,511 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.30 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। 

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, नौ फरवरी तक 20,33,24,655 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 7,36,903 नमूनों का परीक्षण मंगलवार को किया गया था। 

आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से पिछले 24 घंटे में जिन 94 और लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 35, केरल के 19, पंजाब के आठ और पश्चिम बंगाल के छह लोग थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 1,55,252 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 51,360 , तमिलनाडु के 12,391, कर्नाटक के 12,241, दिल्ली के 10,882 , पश्चिम बंगाल के 10,215, उत्तर प्रदेश के 8,691 और आंध्र प्रदेश के 7,160 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत