1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में Coronavirus के 2,515 नए मामले आये सामने, 35 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में Coronavirus के 2,515 नए मामले आये सामने, 35 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 09, 2021 10:07 pm IST,  Updated : Feb 09, 2021 10:07 pm IST

महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 35 और मरीजों की मौत हो जाने के बाद राज्य में इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 51,360 हो गई है। राज्य में इस महामारी से मृत्युदर 2.51 फीसद है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।

2,515 new COVID-19 cases in Maharashtra, 35 deaths- India TV Hindi
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस से 35 और मरीजों की मौत हो गई। Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 35 और मरीजों की मौत हो जाने के बाद राज्य में इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 51,360 हो गई है। राज्य में इस महामारी से मृत्युदर 2.51 फीसद है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि संक्रमण के 2,515 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,48,802 हो गई है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 2,554 मरीजों को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। महाराष्ट्र में अब तक 19,61,525 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं राज्य में इस बीमारी से स्वस्थ होने की दर 95.74 फीसद है। 

विभाग के मुताबिक, राज्य में कोविड-19 के 34,640 मरीजों का उपचार चल रहा है। मुंबई में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 375 नए मामले सामने आने के बाद शहर में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,12,655 हो गई है। विभाग ने कहा कि मुंबई में तीन और मरीजों की मौत हो जाने पर इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11,398 हो गई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अब तक 1,50,58,995 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

इस बीच भारत में प्रतिदिन सामने आने वाले कोविड-19 के मामलों में गिरावट आ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने रेखांकित किया कि कोविड-19 के प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों में गिरावट और लोगों के ठीक होने की दर में वृद्धि के चलते उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कमी आई है। देश में कोविड-19 से होने वाली मौत की संख्या भी घट रही है। 

मंत्रालय ने कहा कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में रोजाना मौतों का औसत 211 था और फरवरी के दूसरे सप्ताह में इसमें 55 प्रतिशत की कमी आई और यह 96 रह गई है। भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घटकर 1.43 लाख रह गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का महज 1.32 प्रतिशत है। 

मंत्रालय ने कहा कि पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 के 14,016 मरीज ठीक हुए। अब तक कोविड-19 के कुल 1,05,48,521 मरीज ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय ने कहा, “ठीक होने वाले और उपचाराधीन मरीजों के बीच का अंतर बढ़ता जा रहा है। यह आज 1,04,04,896 हो गया।” भारत में ठीक होने वाले मरीजों की दर 97.25 प्रतिशत हो गई है, जिस विश्व में स्वस्थ होने वाली सर्वाधिक दर में से एक है। 

मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, रूस, ब्राजील और जर्मनी में ठीक होने की दर भारत से कम है। मंत्रालय के अनुसार, नौ फरवरी सुबह आठ बजे तक 62.6 लाख लोगों को कोविड-19 का टीका दिया जा चुका है। इनमें से 5,482,102 स्वास्थ्य कर्मी हैं और 7,76,906 अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।