मुंबई: भारतीय वायुसेना के एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर को बुधवार को 'तकनीकी' खराबी के चलते मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। भारतीय वायुसेना से जुड़े सूत्रों ने कहा कि हेलीकॉप्टर के चालक दल के सदस्य बिल्कुल सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर को आपात परिस्थिति में उतारने के कारण जमीन पर भी कोई घायल नहीं हुआ।
सूत्रों ने बताया कि हेलीकॉप्टर को एहतियात बरतते हुए तकनीकी गड़बड़ियों के कारण आपात परिस्थिति में उतारा गया। इसमें सेना के 6 जवान सवार थे और सभी सुरक्षित है। जिस समय हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई तब उस मैदान में बच्चे खेल रहे थे, लेकिन हेलीकॉप्टर उतरने की सूचना मिलने के बाद मैदान को खाली कराया गया। वहीं, सेना के अधिकारियों ने मामले की जांच करानी शुरू कर दी है।