विजयवाड़ा: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू ने हाल की भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए पहुंची केन्द्रीय टीम को आज बताया कि राज्य को 3,759.97 करोड़ रूपये का नुकसान हुआ है और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए केन्द्रीय सहायता की जरूरत है।
नेल्लोर, चित्तूर और कड़पा जिलों में बारिश के कारण हुए नुकसान के बारे में नायडू ने बताया कि सामान्य की तुलना में बारिश 6-11 गुना अधिक हुई है। विभाग-वार आंकड़ा देते हुये उन्होंने कहा कि कृषि को 426.94 करोड़ रूपये, बागवानी को 335.27 करोड़ रूपये, पशुपालन को 17.97 करोड़ रूपये और हस्तशिल्प, कपड़ा उद्योग को 4.77 करोड़ रूपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
वहीं, तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने राज्य में वर्षा और बाढ़ से कुल मिलाकर 8,000 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया है। तमिलनाडु सरकार के मुताबिक राज्य में अक्तूबर से हुई भारी वर्षा और उससे आई बाढ़ की विभिन्न घटनाओं में 347 लोगों की मौत हो गई जबकि 17.64 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।