नई दिल्ली: बिहार में दो इंजीनियरों की हत्या का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि बेखौफ अपराधियों ने एक और इंजीनियर की हत्या कर दी। ताजा मामला बिहार के वैशाली जिले के बराटी थाना क्षेत्र का है। सोमवार सुबह अंकित कुमार झा का शव बरामद हुआ। रिलायंस कंपनी के नार्थ बिहार क्वालिटी इंजीनियर की हत्या कर अपराधियों ने शव को हाजीपुर-जंदाहा एनएच 103 के चकबीबी गांव में फेंक दिया। इंजीनियर अंकित कुमार रिलायंस मोबाइल कंपनी के मुंबई कार्यालय में कार्यरत था।
अंकित कंपनी की ओर से नार्थ बिहार में लगाये जा रहे फोरजी केबल नेटवर्क के काम में क्वालिटी नियंत्रण की देखरेख कर रहा था। 42 वर्षीय अंकित मुजफ्फरपुर-अहियापुर थाने के शेखपुर गांव निवासी शत्रुंजय झा के बेटे बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
पिछले शनिवार को ही हुई है दो इंजीनियरों की हत्या
बिहार में पिछले शनिवार को दो इंजीनियरों की हत्या के कारण पूरे देश में राज्य सरकार की छवि पर उलटा असर पड़ा है। ये मानना है खुद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का, जिन्होंने सोमवार को राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए राज्य के आला पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुधारने का आदेश दिया।