1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद में एक और महिला का जला हुआ शव मिला, शिनाख्त में जुटी पुलिस

हैदराबाद में एक और महिला का जला हुआ शव मिला, शिनाख्त में जुटी पुलिस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 29, 2019 11:51 pm IST,  Updated : Nov 29, 2019 11:51 pm IST

हैदराबाद में चार लोगों द्वारा एक महिला पशु चिकित्सक से बलात्कार किए जाने और फिर उसे आग लगा दिए जाने के दो दिन बाद उसी इलाके में शुक्रवार को एक अन्य महिला का जला हुआ शव मिला।

Woman body Found- India TV Hindi
Woman body Found

हैदराबाद: हैदराबाद में चार लोगों द्वारा एक महिला पशु चिकित्सक से बलात्कार किए जाने और फिर उसे आग लगा दिए जाने के दो दिन बाद उसी इलाके में शुक्रवार को एक अन्य महिला का जला हुआ शव मिला। महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अज्ञात महिला की संदिग्ध हत्या उसी इलाके में (शमशाबाद) में हुई जहां महिला पशु चिकित्सक से 27 नवंबर को चार लोगों ने बलात्कार किया था और बाद में उसकी हत्या कर दी थी।

सहायक पुलिस आयुक्त अशोक कुमार गौड़ ने बताया कि पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने जला हुआ शव देखा और पुलिस को इस बारे में सूचित किया। इसके बाद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को सरकारी अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि क्या महिला ने स्वयं को आग लगाकर आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई। 

इससे पहले हैदराबाद में जली हालत में महिला पशु चिकित्सक का शव मिला था, हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था। पुलिस ने इस केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला अस्पताल गई थी और बुधवार शाम घर लौट आई थी। वह शाम को पांच बजकर करीब 50 मिनट पर दूसरे क्लिनिक के लिए रवाना हुई और अपनी दोपहिया गाड़ी शमशाबाद टोल प्लाजा के पास खड़ी कर साझेदारी वाली (शेयर्ड) कैब ली।

उसकी छोटी बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि महिला ने बुधवार रात नौ बजकर 22 मिनट पर उसे कॉल की थी और कहा था कि वह अब भी टोल प्लाज़ा पर है और किसी ने उससे कहा है कि उसकी स्कूटी के पहिए की हवा निकल गई है तथा मदद की पेशकश की है। उसने अपनी बहन को यह भी बताया था कि वह डर रही है, क्योंकि पास में एक लॉरी है और जिन्होंने उसकी मदद करने की पेशकश की थी वे गाड़ी के पास हैं।

शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्होंने रात नौ बजकर 44 मिनट पर फिर अपनी बहन को फोन किया लेकिन तब फोन बंद था। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। पशु चिकित्सक का शव हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुलिया के पास गुरुवार को मिला जो उस टोल प्लाजा से करीब 25 किलोमीटर दूर है जहां वह आखिरी बार देखी गई थी। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत