जम्मू: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में आज सेना का एक जवान शहीद हो गया।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि आज तड़के, नौशेरा सेक्टर (राजौरी जिले में) के अग्रिम इलाकों में नियंत्रण रेखा के नजदीक आतंकवादियों द्वारा सेना के एक गश्ती दल पर गोलीबारी की गयी।
उन्होंने बताया कि हमारे जवानों ने इसका माकूल जबाव दिया। मुठभेड़ के दौरान एक सैनिक घायल हो गया और सैन्य अस्पताल ले जाते समय बाद में दम तोड़ दिया। शहीद की पहचान केरल के सिपाही सुदिमेश के रूप में की गयी है।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि सीमा पर लगे बाड़ (जो एलओसी के कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है) के आगे आतंकवादियों ने सेना के गश्ती दल पर गोलीबारी कर दी। उन्होंने कहा कि अंतिम रिपोर्ट आने तक तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
उल्लेखनीय है कि 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा राज्य को भारत के हिस्सेवाले कश्मीर व पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में विभाजित करती है।