नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राज्यपाल (एलजी) नजीब जंग पर दिल्ली सरकार के लिए बाधाएं पैदा करने का गुरुवार को आरोप लगाया। केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, "मोदी सरकार व उप राज्यपाल लगभग हर फाइल में अड़ंगा लगा रहे हैं।"
सम-विषम परिवहन योजना के द्वितीय चरण 15-30 अप्रैल के दौरान दिल्ली सरकार ने एप आधारित प्रीमियम बस सेवा के संचालन की घोषणा की थी, जिसे जून के मध्य में शुरू होना था। इसके लिए पंजीकरण एक जून से शुरू होना था। इसके लिए 20 मई को एक अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन उप राज्यपाल ने इस योजना को मंजूरी नहीं दी, जिसके कारण परियोजना शुरू नहीं हो सकी। दिल्ली भ्रष्टाचार निरोधी शाखा ने इस आरोप की जांच भी शुरू कर दी है कि परियोजना को उप राज्यपाल की मंजूरी नहीं मिली थी और इससे एक समूह को फायदा पहुंचाया जा रहा था।