1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु हिंसा मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता के पति सहित 206 लोगों को किया गिरफ्तार

बेंगलुरु हिंसा मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता के पति सहित 206 लोगों को किया गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 14, 2020 02:10 pm IST,  Updated : Aug 14, 2020 02:10 pm IST

कर्नाटक के बेंगलुरु में बीते दिनों हुई हिंसा को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने कांग्रेस कार्पोरेटर इरशाद बेगम के पति कलीम पाशा को गिरफ्तार किया है।

Bengaluru violence: 60 more arrested, including Congress Corporator's husband- India TV Hindi
Bengaluru violence: 60 more arrested, including Congress Corporator's husband Image Source : PTI

बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में बीते दिनों हुई हिंसा को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने कांग्रेस कार्पोरेटर इरशाद बेगम के पति कलीम पाशा को गिरफ्तार किया है। कलीम पाशा पर हिंसा में शामिल होने का आरोप है। इस गिरफ्तारी के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है।

Related Stories

पुलिस ने इस सिलसिले में 60 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक गिरफ्तार हुए लोगों की कुल संख्या 206 हो गई है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक व्यक्ति कलीम पाशा नागवारा वार्ड की नगरसेवक इरशाद बेगम का पति है। अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में से 80 लोगों को बल्लारी जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

वहीं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) संदीप पाटिल के नेतृत्व में सात पुलिस दल इन दंगों की जांच कर रहे हैं। इससे पहले उप मुख्यमंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने कहा, "हर दंगाई और आगजनी करने वाले व्यक्ति को हमारी सरकार खोजकर लाएगी, चाहे वह कहीं भी छिपा हो।" उन्होंने यह भी कहा कि हिंसा का पैमाना इसकी संगठित प्रकृति की ओर इशारा करता है।

मंगलवार की रात पुलिकेहसीनगर के कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे नवीन के सोशल मीडिया पर अपमानजनक संदेश पोस्ट करने के बाद सैकड़ों लोग भड़क गए थे। भीड़ ने पथराव कर 60 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था। साथ ही डीजे हल्ली, केजी हल्ली, पुलिकेहसीनगर और कवल बायरासांद्रा इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की वारदातों को अंजाम दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत