1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भोपाल: पालतू चूहे की मौत से दुखी 12 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

भोपाल: पालतू चूहे की मौत से दुखी 12 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

 Reported By: IANS
 Published : Jan 06, 2018 04:56 pm IST,  Updated : Jan 06, 2018 04:56 pm IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से आई एक दिल दहलाने वाली खबर में 12 वर्षीय एक छात्रा ने अपने पालतू चूहे की मौत से दुखी होकर कथित रूप से अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली...

Representational Image | PTI Photo- India TV Hindi
Representational Image | PTI Photo

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से आई एक दिल दहलाने वाली खबर में 12 वर्षीय एक छात्रा ने अपने पालतू चूहे की मौत से दुखी होकर कथित रूप से अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। अयोध्या नगर पुलिस थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया, ‘अपने पालतू सफेद चूहे की मौत से दुखी होकर दिव्यांशी राठौर ने कल अपने कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह शहर के अयोध्या नगर इलाके में सुरभि विहार परिसर में रहती थी और सेंट पॉल स्कूल में सातवीं की छात्रा थी।’

उन्होंने कहा कि मृतका के परिजन के अनुसार इस चूहे को 4-5 दिन पहले उसका पिता महेन्द्र सिंह राठौर लेकर आए थे और वह इस चूहे से काफी घुल-मिल गई थी। शुक्रवार की सुबह इस चूहे की अचानक मौत हो गई, जिससे वह काफी उदास हो गई। सिंह ने बताया कि फांसी जैसा खौफनाक कदम उठाने से पहले उसने अपने घर के आंगन में बनी क्यारी में इस चूहे को दफनाया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।

उन्होंने कहा कि चूहे को दफनाने के बाद वह अपने कमरे में चली गई और जब बड़ी देर तक नहीं दिखी, तो उसकी मां उसे देखने के लिए कमरे की तरफ गईं, लेकिन दिव्यांशी ने अंदर से चटकनी लगा रखी थी। जोर-जोर से आवाज देने पर भी जब कोई उत्तर नहीं मिला, तो उसने पड़ोसियों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा और अंदर गए लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था। सिंह ने बताया कि चूहे के मरने के कुछेक महीने पहले उसका पालतू कुत्ता भी मर गया था, तब भी वह काफी दिनों तक तनाव में रही थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत