1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार: शराब और मुर्गे के साथ गश्त करने वाली पुलिस टीम निलंबित, खून के नमूनों को जांच के लिए भेजे

बिहार: शराब और मुर्गे के साथ गश्त करने वाली पुलिस टीम निलंबित, खून के नमूनों को जांच के लिए भेजे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 07, 2018 02:57 pm IST,  Updated : Apr 07, 2018 02:57 pm IST

दो दिन पहले एक पुलिस वाहन से कुचलकर महिला की मौत हुई है, उस वाहन से शराब की बोतलें और मुर्गा बरामद हुआ है।  

बिहार में शराब पर...- India TV Hindi
बिहार में शराब पर प्रतिबंध है।

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में 'शराब और मुर्गे' के साथ गश्त करने वाली पुलिस टीम को निलंबित कर दिया गया है।  दरअसल शुक्रवार को पुलिस वैन से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई थी। आरोप है कि बाद में इस पुलिस वैन से 'शराब की बोतल और मुर्गा' बरामद किया गया था।  गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक रविरंजन कुमार ने शनिवार को बताया कि इस मामले में गश्त कर रहे एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया इन पुलिसकर्मियों के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उनके खून के नमूनों को जांच के लिए मुजफ्फरपुर भेजा जा रहा है और दोषी पाए जाने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  उल्लेखनीय है कि मोहम्मदपुर थाना पुलिस अपने वाहन से शुक्रवार को गश्त कर रही थी कि तभी पुलिस वाहन की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला किरण देवी (25) की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि जिस पुलिस वाहन से कुचलकर महिला की मौत हुई है, उस वाहन से शराब की बोतलें और मुर्गा बरामद हुआ है।  ग्रामीणों का आरोप है कि गश्ती दल कहीं जश्न मनाने जा रहा था, इसी बीच यह घटना हो गई। घटना के दौरान पुलिस वालों ने शराब पी रखी थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच का जिम्मा सदर पुलिस उपाधीक्षक को दे दिया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत