नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा के गठबंधन के बाद भाजपा ने शिवसेना के साथ तल्ख रिश्तों में नरमी लाने का संकेत दिया है। भाजपा ने शिवसेना के साथ गठबंधन के सवाल पर कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए। लोकसभा चुनाव के कुछ ही महीने शेष होने के बीच भाजपा ने शिवसेना के साथ तल्ख रिश्तों के बावजूद गठबंधन के द्वार खोल रखे हैं। शिवसेना के साथ गठबंधन के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि शिवसेना NDA का हिस्सा है और सरकार में भी शामिल है।
Related Stories
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने 2014 का लोकसभा चुनाव साथ में मिलकर लड़ा था। हम महाराष्ट्र में सरकार में सहयोगी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी सरकार में हैं।’’ जावड़ेकर ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ी थी। तब भाजपा 26 सीटों पर और शिवसेना 22 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरी थी। इस गठबंधन ने 48 में से 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ इस साल कैसे चुनाव लड़ेंगे इसके बारे में थोड़ा इंतजार कीजिए।’’