नई दिल्ली: द्वारका के शाहबाद, मुहम्मदपुर के पास BSF का सुपरकिंग विमान आज सुबह 9:40 पर क्रैश हो गया। तकनीकी कर्मचारियों को लेकर रांची जा रहे BSF के विमान में 10 लोग सवार थे, जिसमें सभी लोगों की मौत हो गई है। फायर ब्रिगेड प्रमुख ने बताया कि, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, प्लेन क्रैश दिवार में टकराने से हुआ और उसमें आग लग गई। इस मामले में BSF ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित की गई है।
विमान के मलबे से अभी तक 4 शवों को बरामद किया जा चुका है। दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत बचाव का काम जारी है। BSF का विमान B200 दिल्ली से रांची जा रहा था। विमान रनवे 28 से टेक ऑफ कर रहा था, तभी दीवार से टकरा गया। इसके बाद प्लेन में आग लग गई और उसके टुकड़े-टुकड़े हो गए। अब तक पूरी तरह से साफ नहीं है कि हादसा किस वजह से हुआ लेकिन माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि विमान पहले एक दीवार से टकराया फिर इसमें आग लग गई और इसके बाद यह एक जलाशय में गिर गया। एक प्रत्यक्षदर्शी सूरज ने संवाददाताओं को बताया, हमने विमान को चक्कर खाते हुए नीचे आते देखा जो दीवार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वहां काम चल रहा था। मैं एक शव देख पाया। वहां काम कर रहा एक मजदूर भी घायल हो गया।
यह क्षेत्र गहरे धुंए और आग से घिर गया और विमान के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए। इस बीच, दिल्ली के दमकल विभाग के प्रमुख ए. के. शर्मा ने कहा कि 15 दमकल गाडि़यों को मौके पर भेजा गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
विमान में सवार 10 लोगों में एक चालक :एसआईबी में सेकेंड-इन-कमांड रैंक अधिकारी:, सह चालक :डिप्टी कमांडेंट:, छह तकनीशियन, एक इंजीनियर और चालक दल का एक सदस्य शामिल था।
दुर्घटनास्थल पर गए गृह मंत्री
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्घटनाग्रस्त विमान का घटनास्थल पर जाकर मुआयना किया और स्थिति की समीक्षा की। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने इसकी जानकारी दी। रिजिजू ने कहा कि आज दिल्ली के द्वाराका इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह वहां गए हुए हैं। इस दुर्घटना में बीएसएफ के कर्मियों की मौत हुई है।