1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LoC पर पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, BSF अफसर समेत तीन जख्मी

LoC पर पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, BSF अफसर समेत तीन जख्मी

 Written By: Bhasha
 Published : May 06, 2019 10:32 pm IST,  Updated : May 06, 2019 10:32 pm IST

पाकिस्तान की सेना ने संघर्ष विराम का एक बार फिर उल्लंघन करते हुए सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारत की अग्रिम चौकियों पर मोर्टार से गोले दागे और गोलीबारी की।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image

जम्मू: पाकिस्तान की सेना ने संघर्ष विराम का एक बार फिर उल्लंघन करते हुए सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारत की अग्रिम चौकियों पर मोर्टार से गोले दागे और गोलीबारी की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक अधिकारी और दो आम नागरिक घायल हो गए। पाकिस्तान ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास मनकोट और कृष्णा घाटी सेक्टरों में मोर्टार से भारी गोलाबारी और गोलीबारी की।

अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा लगातार किए जा रहे संघर्ष विराम उल्लंघन के बाद प्रदेश के अधिकारियों ने पुंछ और राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा से लगे इलाकों में सोमवार को स्कूल बंद करने का आदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि मनकोट में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक उप निरीक्षक घायल हो गया। उन्होंने कहा कि अधिकारी को अस्तपाल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है। 

उन्होंने बताया कि गोलाबारी में दो आम नागरिक मकसूद अहमद और आशिक हुसैन घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने जनहानि के उद्देश्य से नागरिक इलाकों में गोलाबारी की। अधिकारियों ने कहा कि तेज गोलाबारी की वजह से नियंत्रण रेखा से लगे जंगल के इलाके में आग लग गई। 

अधिकारियों ने कहा कि रविवार को पाकिस्तान की गोलाबारी में पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में कर्नल रैंक का एक अधिकारी घायल हो गया। इसके साथ ही राजौरी जिले के केरी सेक्टर में 25 वर्षीय एक पोर्टर उस समय घायल हो गया जब एक मोर्टार का गोला उसके पास फट गया।

पाकिस्तान ने पिछले डेढ़ महीने में जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास संघर्षविराम का 513 बार उल्लंघन किया है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी पक्ष को भारतीय पक्ष के मुकाबले पांच-छह गुना अधिक नुकसान हुआ है।

पुलवामा हमले के बाद भारत द्वारा 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के शिविर को हवाई हमले में निशाना बनाए जाने के बाद से राजौरी और पुंछ जिलों में संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में चार सैनिकों सहित 10 लोगों की जान गई है और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत