होशंगाबाद: मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले में बारातियों से भरी बस मंगलवार को अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी, जिससे उसमें सवार 15 लोगों की मौत हो गई और अन्य 25 लोग घायल बताए गए हैं।
दुर्घटना मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के सोहागपुर कस्बे के पास हुई। सुहागपुर थाना प्रभारी प्रियदर्शन सिद्धार्थ ने बताया कि मंगलवार सुबह इंदौर से छिंदवाडा के चांदमोटा जा रही बारातियों से भरी बस लांगा बमनिया के करीब एक नाले की पुलिया को पार करते समय अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। इस हादसे में 15 बारातियों की मौत हो गई है और 25 अन्य बाराती घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हादसे में हताहतों की संख्या और बढ़ भी सकती है। स्थल पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। अब तक 15 शव बस से निकाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के बारे में विस्तृत विवरण फिलहाल नहीं मिला है। थाना प्रभारी के मुताबिक, घायलों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय होशंगाबाद भेजा गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए बारातियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।