1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CBI की छापेमारी में केजरीवाल के प्रधान सचिव के घर से ढाई लाख कैश बरामद

CBI की छापेमारी में केजरीवाल के प्रधान सचिव के घर से ढाई लाख कैश बरामद

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 15, 2015 10:24 am IST,  Updated : Dec 15, 2015 01:46 pm IST

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के दफ्तर पर सीबीआई ने छापेमारी की है। सीबीआई ने छापे के बाद मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दफ्तर सील कर दिया गया है।

Kejriwal CBI- India TV Hindi
Kejriwal CBI

नई दिल्‍ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के ऑफिस और उनके घर पर छापेमारी में सीबीआई ने 2.5 लाख रुपये और तीन प्रोपर्टी के दस्‍तावेज बरामद किये हैं। इसके साथ ही जांच एजेंसी ने दिनेश गुप्‍ता, एके दुग्‍गल, जीके नंदा, आरएस कौशिश और एस कुमार के ठिकानों को मिलाकर छह जगहों पर छापेमारी की। सूत्रों का कहना है कि सीबीआई को सह आरोपी जीके नंदा से 10 लाख मिले हैं। सीबीआई का कहना है कि राजेंद्र कुमार जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और उन्‍होंने कहने पर भी अपना ईमेल अकाउंट नहीं खोला।

इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि सीबीआई ने मध्य दिल्ली में उनके कार्यालय पर छापा मारा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि ऐसा करके उन्होंने कायरता दिखाई। मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार पर पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया और प्लेयर्स बिल्डिंग में छापे मारने के लिए जांच एजेंसी को आड़े हाथों लिया। केंद्र और मुख्यमंत्री के बीच लंबे समय से टकराव की स्थिति है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, सीबीआई ने मेरे कार्यालय पर छापे मारे। उन्होंने छापेमारी पर नाराजगी जताते हुए एक अन्य ट्वीट में कहा, जब मोदी राजनीतिक रूप से मुझसे नहीं निपट सके तो उन्होंने यह कायरता दिखाई। मोदी कायर और मनोरोगी हैं।

उधर, सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा कि प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के कार्यालय में तलाशी ली जा रही है और इस संबंध में विस्तृत जानकारी बाद में साझी की जाएगी। लेकिन केजरीवाल ने ट्वीट किया कि सीबीआई झूठ बोल रही है, राजेंद्र के बहाने मेरे दफ्तर में छापा मारा गया है और मेरी फाइलें खुलवाई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों का एक दल सुबह दिल्ली सचिवालय पहुंचा और उसने इमारत की तीसरी मंजिल पर छापा मारा। दिल्ली सचिवालय में केजरीवाल और अन्य मंत्रियों के कार्यालय हैं। उन्होंने संभावना व्यक्त की कि यह छापा कई करोड़ रूपये के सीएनजी फिटनेस घोटाले के संबंध में मारा गया। सूत्रों ने बताया कि इस प्रकार के आरोप लगे हैं कि केजरीवाल के प्रधान सचिव का संबंध इस घोटाले से हैं लेकिन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के साथ साथ आप सरकार भी इन आरोपों को खारिज करती रही है। सचिवालय की तीसरी मंजिल में केजरीवाल का भी कार्यालय है।

कानून व्यवस्था, पुलिस और भूमि जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर नियंत्रण को लेकर आप सरकार और केंद्र के बीच लंबे समय से टकराव की स्थिति है। इस बीच सीबीआई ने बताया कि उसने मुख्यमंत्री के सचिव राजेंद्र कुमार के खिलाफ दिल्ली सरकार के विभागों से निविदाएं दिलाने में पिछले कुछ वर्षों में एक विशेष फर्म की मदद करके अपने आधिकारिक पद का दुरूपयोग करने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी ने कहा, वारंट लेने के बाद राजंेद्र कुमार के कार्यालय और आवास में छापे मारे गए। राजेंद्र कुमार पर दिल्ली संवाद आयोग के पूर्व सदस्य सचिव आशीष जोशी ने आरोप लगाए थे। राजेंद्र कुमार पर दिल्ली संवाद आयोग के पूर्व सदस्य सचिव आशीष जोशी ने आरोप लगाए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत