1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली:12वीं क्लास में दूसरे स्थान पर रहीं आरूषी जैन

दिल्ली:12वीं क्लास में दूसरे स्थान पर रहीं आरूषी जैन

 Written By: Bhasha
 Published : May 23, 2016 12:51 pm IST,  Updated : May 23, 2016 01:14 pm IST

CBSE की 12वीं कक्षा की परीक्षा में गणित के लंबे और जटिल पेपर को लेकर जहां बहुत से छात्र परेशान हो रहे थे वहीं आरूषि जैन को यकीन था कि उनका पेपर अच्छा होने की वजह से उन्हें अच्छे अंक मिलेंगे।

aarushi jain- India TV Hindi
aarushi jain

नई दिल्ली: CBSE की 12वीं कक्षा की परीक्षा में गणित के लंबे और जटिल पेपर को लेकर जहां बहुत से छात्र परेशान हो रहे थे वहीं आरूषि जैन को यकीन था कि उनका पेपर अच्छा होने की वजह से उन्हें अच्छे अंक मिलेंगे। और हुआ भी कुछ ऐसा ही क्योंकि जब नतीजे घोषित हुए तो आरूषी ने न केवल मैथ्स में 100 में से 100 अंक हासिल किए बल्कि कुल 494 अंक लेकर वह दिल्ली में दूसरा और ऑल इंडिया रैंक में चौथा स्थान हासिल करने में भी सफल रही। पहले स्थान पर दिल्ली की सुकृति गुप्ता हैं, जिन्होंने 497 अंक हासिल किए हैं।

दिल्ली के शहीद राजपाल डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्रा आरूषी को केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस और मैथ्स में 100-100 अंक मिले हैं। शानदार अंक लेकर पास हुईं आरूषी ने अपनी परीक्षा की तैयारी के संदर्भ में भाषा को बताया, मैंने बोर्ड को लेकर कोई खास रणनीति नहीं बनाई थी। मेरा ध्यान IIT की परीक्षा पर था और मेरी तैयारी भी उसी क्रम में चल रही थी। उस दिशा में पूरी मेहनत करते रहने से बोर्ड परीक्षा में मेरे लिए अच्छा प्रदर्शन आसान हो गया।

आरूषी के पिता पुनीत कुमार जैन भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में इंजीनियर हैं और मां रीना जैन एक गृहिणी हैं।

अपनी बेटी की इस सफलता का श्रेय उसकी मेहनत को देते हुए पुनीत ने भाषा से कहा, आरूषी के शानदार स्कोर से हम अभीभूत हैं। जिस समय मैथ्स के पेपर के जटिल और लंबा होने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, तब इसने कहा था- मेरा पेपर अच्छा हुआ है। मुझे यकीन है नंबर अच्छे ही आएंगे।

भविष्य के लक्ष्य और उसके लिए अपनी तैयारी के बारे में आरूषी ने कहा, अभी तो मेरे सामने सिर्फ और सिर्फ आईआईटी का ही लक्ष्य है। मेरा जेईई-एडवांस का पेपर अच्छा हुआ है और अभी बस परिणाम का इंतजार है।

अपने माता-पिता से मिलने वाले सहयोग और प्रेरणा को अपनी शक्ति मानने वाली आरूषी कंप्यूटर साइंस लेकर आईआईटी से इंजीनियरिंग करना चाहती हैं।

CBSE की ओर से जारी बारहवीं के नतीजों में पहले स्थान पर दिल्ली की सुकृति गुप्ता (497 अंक), दूसरे स्थान पर हरियाणा की पलक गोयल (496 अंक), तीसरे स्थान पर हरियाणा की सौम्या उप्पल (495 अंक) और चेन्नई के अजिश शेखर (495 अंक) रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत