नई दिल्ली: चंद्रयान-2 की लॉन्च रिहर्सल सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस दौरान सबकुछ नॉर्मल रहा। इसरो ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। आपको बता दें कि इससे पहले 15 जुलाई को चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण तकनीकी खामी पाए जाने पर नियत समय से एक घंटा पहले रोक दिया गया था। इसके बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ट्वीट किया था कि, "तकनीकी गड़बड़ी के कारण 15 जुलाई, 2019 को रोका गया चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण अब भारतीय समय के अनुसार सोमवार, 22 जुलाई, 2019 को अपराह्न 2.43 बजे तय किया गया है।"
Related Stories
इसरो ने अपने जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल-मार्क तृतीय (जीएसएलवी-एमके तृतीय) में आई तकनीकी खामी दूर करने के बाद प्रक्षेपण के लिए संशोधित समय तय किया है। इससे पहले जीएसएलवी-एमके तृतीय में तकनीकी खामी आने के कारण अधिकारियों ने निर्धारित समय से एक घंटा पहले प्रक्षेपण रोक दिया था। इसरो ने ट्वीट किया था, "प्रक्षेपण से एक घंटा पहले एक तकनीकी खराबी का पता चल गया। एहतियात के तौर पर चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण को आज रोक लिया गया है। संशोधित प्रक्षेपण तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।"