1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'चिरंजीवी भव:' , वरिष्ठ BJP नेता मुरली मनोहर जोशी ने PM को इस अंदाज में दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

'चिरंजीवी भव:' , वरिष्ठ BJP नेता मुरली मनोहर जोशी ने PM को इस अंदाज में दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 17, 2021 11:45 am IST,  Updated : Sep 17, 2021 07:34 pm IST

मुरली मनोहर जोशी ने अपने ट्विटर पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए लंबी आयु की कामना की है और आशीर्वाद देते हुए 'चिरंजीवी भव:' कहा है।

Chiranjivi Bhav BJP Leader Murli Manohar Joshi wishes PM Modi birthday 'चिरंजीवी भव:' , वरिष्ठ BJP न- India TV Hindi
'चिरंजीवी भव:' , वरिष्ठ BJP नेता मुरली मनोहर जोशी ने PM को इस अंदाज में दी जन्मदिन की शुभकामनाएं Image Source : PTI

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी ने खास अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी हैं। मुरली मनोहर जोशी ने अपने ट्विटर पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए लंबी आयु की कामना की है और आशीर्वाद देते हुए 'चिरंजीवी भव:' कहा है। भारतीय जनता पार्टी में मुरली मनोहर जोशी का कद बहुत बड़ा है और पीएम मोदी खुद कई बार उनके पांव छू चुके हैं। लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को भारतीय जनता पार्टी का मार्गदर्शक कहा जाता है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति, मंत्रियों ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर शुक्रवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय मंत्रियों, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभाकमनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की। कोविंद ने अपने संदेश में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्‍छा है कि आप स्‍वस्‍थ रहें और दीर्घायु प्राप्‍त कर ‘अहर्निशं सेवामहे’ की अपनी सर्वविदित भावना के साथ राष्‍ट्र सेवा का कार्य करते रहें।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के रूप में देश को एक ऐसा सशक्त व निर्णायक नेतृत्व मिला है, जिसने दशकों से अपने अधिकारों से वंचित करोड़ों गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर न सिर्फ उन्हें समाज में गरिमामय जीवन दिया बल्कि अपने अथक परिश्रम से विश्वभर को यह दिखाया कि एक प्रजावत्सल नेतृत्व कैसा होता है।

प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करते हुए शाह ने कहा, "नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प व समर्पण ने देशवासियों में एक नई ऊर्जा व आत्मविश्वास पैदा किया है, जिससे आज देश नित नए कीर्तिमान स्थापित कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। 

आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी का जन्म 1950 में गुजरात में हुआ था। वह कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल हो गए थे। बाद में वह भाजपा से जुड़े। वर्ष 2001 में वह गुजरात के मुख्यमंत्री बने और उनके नेतृत्व में तीन बार लगातार वहां भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कभी चुनावी हार का सामना नहीं किया। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 को लोकसभा चुनाव भी जीता। भाजपा उनके जन्मदिन पर सात अक्टूबर तक जनता के बीच जाकर 20 दिनों का ‘‘सेवा और समर्पण’’ अभियान चलाएगी। साथ ही पार्टी इस दौरान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक कार्यालय में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत