1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर में आतंकियों का बड़ा हमला, CID इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार शहीद

कश्मीर में आतंकियों का बड़ा हमला, CID इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार शहीद

 Reported By: Manzoor Mir
 Published : Jun 22, 2021 09:14 pm IST,  Updated : Jun 22, 2021 11:08 pm IST

जम्मू एवं कश्मीर में आतंकियों ने मंगलवार को एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए CID के एक इंस्पेक्टर की हत्या कर दी।

CID Inspector shot dead, CID Inspector Killed, CID Inspector Nowgam, CID InspectorKilled Nowgam- India TV Hindi
जम्मू एवं कश्मीर में आतंकियों ने मंगलवार को एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए CID के एक इंस्पेक्टर की हत्या कर दी।  Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर में आतंकियों ने मंगलवार को एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए CID के एक इंस्पेक्टर की हत्या कर दी। आतंकियों ने जम्मू एवं कश्मीर पुलिस के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट में तैनात इंस्पेक्टर को गोलियों से भून दिया। श्रीनगर के नौगाम इलाके में हुई घटना में शहीद हुए इंस्पेक्टर की पहचान परवेज अहमद डार के रूप में हुई है और वह श्रीनगर के पारिमपोरा पुलिस स्टेशन पर तैनात थे। संयुक्त बलों ने आतंकियों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।

घटनास्थल से मिले CCTV फुटेज में नजर आ रहा है कि सीआईडी इंस्पेक्टर परवेज पर 2 आतंकियों ने गोलियां चलाई थीं। सूत्रों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि इंस्पेक्टर पर 2 आतंकियों ने पिस्टल से फायर किया था। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इससे पहले रविवार को जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर इलाके में सुरक्षाबलों के साथ रात भर चली मुठभेड़ में 3 खूंखार आतंकी मारे गए थे। इन तीन खूंखार आतंकवादियों में से एक मुदस्सिर पंडित था जो मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में शामिल था। मारा गया एक अन्य आतंकवादी पाकिस्तान का निवासी था। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बताया था कि मारे गए तीनों आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकी कमांडर थे।

विदेशी आतंकवादी की पहचान असरार अब्दुल्ला के तौर पर हुई है, वह पाकिस्तान का रहने वाला था और उत्तर कश्मीर में 2018 से सक्रिय था। दिलबाग सिंह ने बताया था कि ये आतंकवादी दो बड़े हमलों में भी शामिल थे, जिनमें से एक 29 मार्च को हुआ था, जिसमें दो निगम पार्षदों और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। दूसरा हमला 12 जून को हुआ था, जिसमें दो पुलिसकर्मी और दो आम नागरिक मारे गए थे। मुठभेड़ रविवार देर रात तब शुरू हुई थी, जब सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में पंडित सहित कम से कम तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत