1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में शिमला से ज्यादा ठंड, तापमान इस मौसम के सबसे निचले स्तर पर

दिल्ली में शिमला से ज्यादा ठंड, तापमान इस मौसम के सबसे निचले स्तर पर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 20, 2018 08:06 am IST,  Updated : Dec 20, 2018 11:33 am IST

हरियाणा में हिसार क्षेत्र का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि अमृतसर और लुधियाना का तापमान क्रमश: 3.6 डिग्री और 4.0 डिग्री रिकार्ड किया गया।

दिल्ली में शिमला से ज्यादा ठंड, तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना- India TV Hindi
दिल्ली में शिमला से ज्यादा ठंड, तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना

नई दिल्ली: कड़ाके की ठंड से इस वक्त पूरा उत्तर भारत कांप रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक सर्दी का सर्द कहर है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में पारा गिर रहा है। मौसम कार्यालय ने बुधवार को यहां कहा कि मैदानी क्षेत्रों के दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, हिसार और करनाल में पहाड़ी पर्यटन गंतव्यों शिमला, धर्मशाला और पालमपुर की तुलना में ज्यादा ठंड है। दिल्ली में गुरुवार की सुबह काफी ठंड रही और पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे शहर का तापमान इस मौसम के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 दिसंबर तक दिल्ली में शीत लहर जारी रहेगी। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। यह इस महीने का न्यूनतम तापमान है।’’ 

हरियाणा में हिसार क्षेत्र का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि अमृतसर और लुधियाना का तापमान क्रमश: 3.6 डिग्री और 4.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियल रहा, जबकि हरियाणा के अंबाला में 6.7 डिग्री, करनाल में 5.0 डिग्री और पंजाब के पटियाला में 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा और पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में रहा।

हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशनों में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ है और धूप खिली हुई है और ज्यादातर जगहों का तापमान बढ़ रहा है। शिमला मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य में वर्तमान न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो-तीन डिग्री तक अधिक है।

समुद्री स्तर से करीब 7,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित शिमला और तिब्बती धर्मगुरु के निवास स्थान धर्मशाला में इन दिनों आस-पास के राज्यों के मैदानी इलाकों की तुलना में 'खुशगवार रातों' का अनुभव किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि धर्मशाला में 5.6 डिग्री और पालमपुर में 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

पहाड़ी राज्य में सबसे अधिक ठंड लाहौल-स्पीति जिले के केलोंग में दर्ज की गई, जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुरम्य पर्यटक रिजार्ट मनाली में 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि हिल स्टेशनों में तापमान अधिक होने का कारण शुष्क मौसम और धुंध का नहीं रहना है। यह स्थिति 25 दिसंबर तक जारी रहेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत