1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव मामलों में लगातार गिरावट जारी, लेकिन रोजाना मौतों का आंकड़ा 400 के ऊपर

Coronavirus के एक्टिव मामलों में लगातार गिरावट जारी, लेकिन रोजाना मौतों का आंकड़ा 400 के ऊपर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 10, 2020 09:24 am IST,  Updated : Dec 10, 2020 11:46 am IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 412 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में 141772 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

देश में कोरोना वायरस...- India TV Hindi
देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के नए मामले लगातार कम हो रहे हैं और साथ में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है जिस वजह से कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है, लेकिन कोरोना की वजह से होने वाली मौतों में उस तरह की गिरावट नहीं है और अभी भी रोजाना 400 से ज्यादा लोगों को कोरोना की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 412 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में 141772 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

हालांकि कोरोना के नए मामले पहले के मुकाबले घटने और कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ने की वजह से देश में कोरोना के एक्टिव केस लगातार कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में एक्टिव मामलों में 6616 की कमी आई है और अब देश में 372293 एक्टिव कोरोना मामले बचे हैं जो कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 3.81 प्रतिशत है।  

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 31521 नए मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 9767371 तक पहुंच गया है हालांकि इस आंकड़े में 9253306 मामले ऐसे हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार बुधवार को देशभर में 9.22 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 15 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 6.92 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 15.75 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 4.79 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.57 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.96 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 67.30 लाख मामले सामने आए हैं और 1.79 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 25.41 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 44 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 23.24 लाख मामले आ चुके हैं और 56 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत