1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में Coronavirus के 4,537 नए मामले, 93 और लोगों की मौत

कर्नाटक में Coronavirus के 4,537 नए मामले, 93 और लोगों की मौत

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 18, 2020 11:08 pm IST,  Updated : Jul 18, 2020 11:08 pm IST

कर्नाटक में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,537 मामले सामने आए, जो एक दिन की अब तक की सर्वाधिक संख्या है।

कर्नाटक में Coronavirus के 4,537...- India TV Hindi
कर्नाटक में Coronavirus के 4,537 नए मामले, 93 और लोगों की मौत Image Source : PTI (REPRESENTATIONAL IMAGE)

बेंगलुरु: कर्नाटक में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,537 मामले सामने आए, जो एक दिन की अब तक की सर्वाधिक संख्या है। वहीं, राज्य में और 93 लोगों की मौत होने के साथ इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 1,240 पहुंच गई। स्वाथ्य विभाग के एक बुलेटिन में यह कहा गया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कुछ निजी मेडिकल कालेज अस्पतालों के प्रति सख्ती दिखाते हुए उन्हें निर्देश दिया है कि वे अपने वादे के अनुरूप 50 प्रतिशत बिस्तर कोविड-19 मरीजों को मुहैया करें। राज्य स्वास्थ्य विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 4,537 नये मामलों में 2,125 मामले बेंगलुरु शहरी क्षेत्र से हैं। वहीं, 509 मामले दक्षिण कन्नड़ में, 186 धारवाड़ में,176 विजयपुरा में, 155 बेल्लारी में सामने आये हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘मुख्यमंत्री ने निजी मेडिकल कालेज अस्पतालों से कहा है कि वे कल से ही 50 प्रतिशत बिस्तर मुहैया करायें क्योंकि बेंगलुरू में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़े हैं।’’ स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य में अब तक कुल 59,652 मामले सामने आये हैं, जिनमें 36,631 मरीज इलाजरत हैं जबकि 1,240 मरीजों की मौत हो चुकी है।

वहीं, 21,775 मरीजों को इस रोग से उबरने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इसमें कहा गया है कि इलाजरत मामलों में 580 मरीज गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में हैं। बेंगलुरु में अब तक 29,621 मामले सामने आये हैं, जिनमें 631 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कुल 9.84 लाख नमूनों की जांच की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत