1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: 24 घंटे में 52 हजार से ज्यादा नए कोरोना मामले, रिकवरी रेट वापस 66% के ऊपर

Coronavirus: 24 घंटे में 52 हजार से ज्यादा नए कोरोना मामले, रिकवरी रेट वापस 66% के ऊपर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 04, 2020 09:45 am IST,  Updated : Aug 04, 2020 09:46 am IST

कोरोना के मामलों की पहचान के लिए भारत में टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है और रोजाना रिकॉर्डतोड़ टेस्टिंग हो रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देश में 6.61 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं जो एक दिन में हुए अबतक के सबसे ज्यादा टेस्ट हैं।

Coronavirus Testing in India Surpasses 20 millions so far- India TV Hindi
Coronavirus Testing in India Surpasses 20 millions so far Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के रोजाना 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं और रोजाना आने वाले मामलों में तो भारत अब अमेरिका और ब्राजील से भी आगे निकल चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 52060 नए केस देखने को मिले हैं और देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 18,55,755 हो गया है। अब तो एक दिन में अमेरिका और ब्राजील में भी इतने केस नहीं आ रहे हैं जितने भारत में आ रहे हैं।

नए कोरोना वायरस मामलों में बढ़ोतरी के साथ देशभर में इसकी वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान ही देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 803 लोगों की जान चली गई है और अबतक यह वायरस देशभर में कुल 38948 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

हालांकि नए मामले सामने आने के साथ कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस से 44306 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 66 प्रतिशत के ऊपर आ गया है। अबतक देश में 12,30,509 लोग पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो गए हैं। देश में अब 586298 एक्टिव मामले हैं।

कोरोना के मामलों की पहचान के लिए भारत में टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है और रोजाना रिकॉर्डतोड़ टेस्टिंग हो रही है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देश में 6.61 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं जो एक दिन में हुए अबतक के सबसे ज्यादा टेस्ट हैं। अबतक देश में कुल 2.08 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.84 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.97 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 1.16 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 48.62 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.58 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 27.51 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 94 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 8.56 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 14 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत