1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: कोरोना की वजह से मौतों का आंकड़ा 40 हजार के पार, 24 घंटे में 904 लोगों की गई जान

Coronavirus: कोरोना की वजह से मौतों का आंकड़ा 40 हजार के पार, 24 घंटे में 904 लोगों की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 06, 2020 09:39 am IST,  Updated : Aug 06, 2020 09:39 am IST

बुधवार को लगातार तीसरे दिन टेस्टिंग 6 लाख के पार रही और कुल 664949 टेस्ट हुए हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार अबतक देश में कुल 2.21 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

Coronavirus death toll in India surpasses 40 thousands- India TV Hindi
Coronavirus death toll in India surpasses 40 thousands Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की वजह से देश में मौतों के आंकड़े में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में यह जानलेवा वायरस अबतक 40 हजार से ज्यादा लोगों की मौत का कारण बन चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि बुधवार सुबह 8 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 904 लोगों की जान गई है और अबतक देशभर में यह वायरस 40699 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने की रफ्तार भी देश में कम नहीं हो रही और लगातार बढ़ती ही जा रही है। रोजाना देश में 50 हजार से ज्यादा कोरोना मामले सामने आ रहे हैं और कोरोना के मामलों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के 56318 नए मामले सामने आए हैं और देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 19,64,536 हो गया है।

लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान 46 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में कुल 46121 लोग देशभर में कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 13,28,336 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट फिर से 67 प्रतिशत के ऊपर पहुंच गया है। देश में अब कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों का आंकड़ा 595501 है।

कोरोना के मामलों की पहचान के लिए भारत में टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। रोजाना अब देश में 6 लाख से ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं। बुधवार को लगातार तीसरे दिन टेस्टिंग 6 लाख के पार रही और कुल 664949 टेस्ट हुए हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार अबतक देश में कुल 2.21 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.89 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 7.11 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 1.21 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 49.73 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.61 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 28.62 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 97 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 8.66 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 14 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत