1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में 14 लाख के पार हुए कोरोना मामले, 24 घंटे में 49931 नए केस

भारत में 14 लाख के पार हुए कोरोना मामले, 24 घंटे में 49931 नए केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 27, 2020 09:33 am IST,  Updated : Jul 27, 2020 09:33 am IST

पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 49931 नए केस दर्ज किए गए हैं और देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1435453 हो गया है

Coronavirus Cases in India Surpasses 14 lakh- India TV Hindi
Coronavirus Cases in India Surpasses 14 lakh Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण देश में इस हद तक फैल चुका है कि रोजाना 50 हजार के करीब नए कोरोना मामले सामने आ रहे हैं। देश में कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा अब 14 लाख को भी पार कर चुका है। हर दो दिन में लगभग एक लाख नए मामले सामने आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 49931 नए केस दर्ज किए गए हैं और देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1435453 हो गया है।

कोरोना के संक्रमण की वजह से देशभर में लोगों की जान जा रही है और मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 708 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में कुल मिलाकर 32771 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

देश में कोरोना के नए मामले आने का रिकॉर्ड बनने के साथ राहत की बात ये है कि अब ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 31991 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। यह किसी एक दिन में ठीक हुए लोगों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है और अबतक देशभर में कुल मिलाकर 917567 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 63.92 प्रतिशत हो गया है। देश में अब कोरोना के कुल एक्टिव मामले 485114 हैं।

कोरोना के मामलों की पहचान के लिए भारत में रिकॉर्डतोड़ टेस्टिंग हो रही है, रोजाना टेस्टिंग 5 लाख को पार कर चुकी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार शनिवार को देश में 5.15 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 1.68 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.64 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 6.52 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 1 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 43.71 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.49 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 24.19 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 87 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 8.12 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 13 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत