कोलकाता. कोलकाता में कोरोना वायरस से संक्रमित एक बुजुर्ग व्यक्ति की सोमवार को मौत हो गई। अस्पताल सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति की मौत का पहला मामला है। मृतक 57 साल का था। वह उत्तर 24 परगना जिले के दमदम का निवासी था। एक निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। उसे 16 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह वेंटिलेटर पर था।
हालांकि उसने कोई विदेश यात्रा नहीं की थी, लेकिन फरवरी में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का दौरा किया था। अस्पताल के एक प्रवक्ता ने कहा, ''उस व्यक्ति को सांस लेने में काफी तकलीफ थी। हमने अपनी ओर से उचित ऐहतियाती कदम उठाए लेकिन आज दोपहर उसने दम तोड़ दिया।'' राज्य सरकार के अधिकारियों ने कहा कि मृतक के परिवार के सदस्यों को सरकारी अस्पताल के पृथक वार्ड में निगरानी में रखा गया है।
आपको बात दें कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, सोमवार तक देश में कोरोनावायरस के पुष्ट मामलों की संख्या 415 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर भी पुष्ट मामलों की संख्या यही है। आईसीएमआर की रिपोर्ट के अनुसार, 23 मार्च, 2020 को सुबह 10 बजे तक 17,493 लोगों के 18,383 नमूनों का कोविद-19 परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 23 मरीज ठीक हो चुके हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं एक मरीज ने स्थान बदल लिया है।
इनपुट- भाषा/ians