नई दिल्ली: दिल्ली में प्रेम संबंधों के बीच एक युवती की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला दक्षिणी दिल्ली के शेख सराय का है। इस जुर्म को अंजाम देने वाले शख्स ने पहले एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास कार के अंदर गर्लफ्रेंड के साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी। यहीं नहीं, वह उसके निर्वस्त्र शव लेकर खुद उसके घर जा पहुंचा और सबके सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतक लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पिछले साल 27 अगस्त की है, जो अब जाकर सामने आया है। मालवीय नगर में रहने वाले एक फार्महाउस के मालिक की 38 वर्षीय बेटी तलाकशुदा थी। उसका 12 वर्षीय एक बेटा भी है, जो नाना-नानी के साथ रहता है। पति से अलग होने के बाद एक कंपनी में कार्य करने के दौरान महिला की 30 वर्षीय शाहबाद खान से दोस्ती हो गई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई। इसके बाद दोनों एक-दूसरे के साथ शारीरिक संबंध भी बनाने लगे।
इसी दौरान पीड़िता प्रेग्नेंट हो गई, लेकिन ब्वॉयफ्रेंड शाहबाद खान ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद पीड़िता उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी। वहीं दूसरी ओर आरोपी युवक उसे नजरंदाज करने लगा। वारदात की रात आरोपी ब्वॉयफ्रेंड पीड़िता के साथ शेख सराय स्थित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पार्किंग एरिया में आया। दोनों ने वहां जमकर शराब पी। इसके बाद कार के अंदर ही शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर बहस होने लगी और ये बहस झगड़े में बदल गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी शाहबाद खान ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला दबाकर हत्या कर दी।
होश में आने के बाद आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड का निर्वस्त्र शव लेकर उसके घर पहुंचा। वहां पूरी कहानी बताते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतका के पिता ने मालवीय नगर थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के सामने भी आरोपी शाहबाद खान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका को लेकर उसके घर पहुंचा। इसके बाद वे लोग पीड़िता को लेकर एम्स पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पीड़िता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम बताया है। उसने बताया है कि कार के फ्रंट सीट पर उसने गर्लफ्रेंड के साथ शारीरिक संबंध बनाया। उसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने और अक्सीजन की कमी से मौत की बात सामने आई है।