नई दिल्ली: कपड़ा मंत्रालय ने तमिलनाडु के सलेम में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान में डिप्लोमा पाठ्यक्रम जारी रखने का निर्णय किया है। मंत्रालय ने कल जारी एक बयान में कहा कि तमिलनाडु के सलेम में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान में डिप्लोमा पाठ्यक्रम जारी रखे जाने के बारे में प्राप्त कई ज्ञापनों को देखते हुए केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति इरानी ने तत्काल डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश के आदेश जारी कर दिए हैं।
पिछले साल मंत्रालय ने डिप्लोमा कोर्स को चार साल का बी-टेक कार्यक्रम बनाने और डिप्लोमा कार्यक्रम को बंद करने का निर्णय किया था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि डिप्लोमा कार्यक्रम को जारी रखने जाने के बारे में कई ज्ञापन प्राप्त हुये। इनमें कहा गया है कि गरीब बुनकरों के लिये डिप्लोमा कार्यक्रम उनकी आर्थिक स्थिति के अनुरूप होता है।
इसमें कहा गया, इन ज्ञापनों पर विचार करने के बाद, कपड़ा मंत्रालय ने हथकरघा बुनकर परिवारों के बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुये डिप्लोमा कार्यक्रम को शुरू करने का फैसला किया है। इससे स्थानीय बुनकर समुदाय की एक प्रमुख मांग पूरी हुई है। अब इसमें चार साल के बी.टेक के साथ डिप्लोमा कार्यक्रम भी उपलब्ध होगा।