लातूर: सांगली से 5 लाख लीटर पानी लेकर सोमवार को रवाना हुई वाटर एक्सप्रेस आज सुबह महाराष्ट्र के लातूर पहुंच गई है। ट्रेन से लाए गए पानी को कुएं में भरा जायेगा और फिर लोगों को सप्लाई किया जाएगा।
मराठवाड़ा में सूखे के हालात पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समीक्षा बैठक भी करेंगे।
वॉटर एक्सप्रेस यानी महाराष्ट्र की पहली ऐसी ट्रेन जो सूखे से कराह रहे मराठवाड़ा को पानी मुहैया कराने के लिए खासतौर पर चलाई गई। ट्रेन में वैगन तो पेट्रोल और डीजल के थे लेकिन इनमें भरा गया था पानी। 10 डिब्बों में 5 लाख लीटर पानी लेकर ये ट्रेन सोमवार सुबह सांगली के मिराज स्टेशन से लातूर के लिए चली और तकरीबन 350 किलोमीटर का सफर तय करके लातूर स्टेशन पहुंच गई।
बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं लोग:
दरअसल इस वक्त महाराष्ट्र का पूरा मराठवाड़ा इलाका सूखे की जबरदस्त चपेट में है। लातूर भी मराठावाडा में है। लातूर में हालात इतने खराब हैं कि खेत सूख गए हैं पानी की कमी के कारण लोग मजबूरी में अपने मवेशी बेचकर दूसरी जगहो का रूख कर रहे हैं। भयानक सूखा पड़ने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। पूरे जिले के लिए हर रोज सिर्फ 55 हजार लीटर पानी की सप्लाई की जाती है ऐसे में वॉटर एक्सप्रेस के जरिए एक साथ 5 लाख लीटर पानी मिलना लातूर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।